भिलाई. धुर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा में चार लोगों ने मिलकर पति-पत्नी की हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात की है। पुलिस ने सोमवार को वारदात में शामिल एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार जबेली गांव के स्कूल पारा में रहने वाले भीमा करटामी (45) और उनकी पत्नी नंदे करटामी (40) की हत्या जादू-टोने के शक पर की गई है। सभी आरोपी पहले दंपती के घर में घुसे और उनकी पिटाई की। फिर गला घोंटकर मार दिया। हत्या के बाद सभी मौके से फरार हो गए थे।
पीट-पीटकर कर दिया था अधमरा
गांव के कुछ ग्रामीणों को शक था कि मृत पति-पत्नी जादू टोना करते हैं। इसी शक की वजह से एक दिन पहले गांव के ही चार ग्रामीण मिलकर रात में दंपती के घर घुस गए। जादू-टोना करते हो कहकर पहले पति की पिटाई की। बीच बचाव में आई पत्नी को भी जमकर पीटा। मार-मारकर अधमरा कर दिया। जिसके बाद आरोपियों ने पति-पत्नी का गला घोंटकर मार दिया।

पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस
वारदात की सूचना मृतक के पड़ोसियों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब छानबीन करनी शुरू की तो पता चला कि, गांव के एक परिवार के साथ कुछ दिन पहले इनका विवाद हुआ था। पुलिस ने शक के आधार पर उसी परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिन्होंने हत्या का राज खोल दिया। हत्या में शामिल देवा कोर्राम, लखमा कोर्राम और लिंगा कोर्राम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
