भिलाई। सीमा सुरक्षा बल भिलाई मुख्यालय द्वारा शुक्रवार को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रिसाली में विशाल साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बीएसएफ के जवानों ने स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा थामे साइकिल रैली निकाली और हर-घर तिरंगा का संदेश दिया। साइकिल रैली के दौरान जगह जगह जवानों का लोगों ने सैल्यूट कर अभियान को सराहा।
साइकिल रैली की शुरुआत रिसाली के शारदा विद्यालय से हुई। सीमा सुरक्षा बल भिलाई के आईजी इंदराज सिंह के नेतृत्व में सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट रतन लाल बगाडिया एवं कमांडेंट एनडी माओ ने झंडा दिखाकर विशाल तिरंगा साइकिल रैली को रवाना किया। इस रैली में बीएसएफ के 50 जवानों के साथ ही शारदा विद्यालय के 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस तरह कुल 200 साइकिलों के साथ तिरंगा रैली निकाली गई। शारदा विद्यालय भिलाई से शिवाजी चौक, रिसाली, कृष्णा टॉकीज रोड, राजीव गांधी चौक से होते हुए सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल रिसाली में रैली का समापन हुआ। समापन के मौके पर बीएसएफ के आईजी इंदरराज सिंह से इस अभियान की सराहना की और आसपास आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस मौके पर उन्होंने कहा क सीमा सुरक्षा बल नक्सल अभियान के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा के लिए भी कृत संकल्प है। इसी कड़ी में भिलाई स्थित सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी अधीनस्थ अधिकारी, जवानों व विद्यार्थीयों ने ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया और 75 वीं आजादी का अमृत महोत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया।
बीएसएफ के वॉकाथान में हाथों में तिरंगा लिए उत्साह के साथ शामिल हुए आम लोग
आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिंरगा अभियान के उपलक्ष्य में सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ (विशेष ऑपरेशन) द्वारा 12 अगस्त, 2022 (शुक्रवार) को सुबह 07.00 बजे अटल नगर, नवा रायपुर में एक वॉकाथान का आयोजन किया गया। यह वॉकाथान नवा रायपुर के सद्भावना हॉस्पिटल, सेक्टर-30 से प्रारम्भ होकर नवागांव, मिनी मार्केट, सेक्टर-28 में समाप्त हुई । इस कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आम जनता उत्साह के साथ हाथों में तिरंगा लिए हुए शामिल हुए ।