नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक बार फिर नक्सलियों का उत्पात देखने को मिला है। इस बीच नक्सलियों ने आमदई माइंस में लगे वाहन में आग लगा दी है। इस आगजनी में वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है। घटना शुक्रवार तडके की बताई जा रही है। 8 से 10 की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर ग्राम कापसी के पास इस घटना को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह माइंस के काम में लगे वाहन को नक्सलियों ने फूंक दिया। नक्सली यहां माइंस का विरोध कर रहे हैं और बैनर लगाकर इसका विरोध भी जताया है। शुक्रवार तड़के 4 बजे 8-10 नक्सली पहुंचे और वाहन को रुकवा कर चालक और हेल्पर को पहले वहां से भगाया। इसके बाद उसी वाहन की डीजल ठंकी को फोड़कर उसमें आग लगा दी। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
