बालोद। बालोद जिले के देउरतराई गांव की एक महिला ने गुरुवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर खेत में महिला की पेड़ से लटकती हुई लाश मिली है। महिला का नाम लाकेश्वरी चंद्राकर पति प्रमोद कुमार चंद्राकर उम्र (33) बताया जा रहा है। दरअसल, पूरा मामला अवैध संबंध से जुड़ा हुआ है। मृतका के पति ने बताया कि बुधवार शाम को 7:30 बजे उसने घर से लगी हुई एक झोपड़ी में गैर मर्द के साथ अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था, जिसके बाद वह लड़का उसके चंगुल से भाग खड़ा हुआ। लड़का उसी के पड़ोस में किराए पर रहता है। बताया जा रहा है कि इसके बाद पुलिस को सूचना भी दी गई और पुलिस ने लड़के को पकड़ लिया। इसी बात से आहत होकर महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतका की एक 12 साल की बेटी है और उसका पति गाड़ी मैकेनिक का काम करता है।
नामकरण संस्कार में गया तो पकड़ा
मृतका के पति ने बताया कि वह नामकरण संस्कार में जाने के लिए जल्दी घर गया तो घर पहुंचते ही शाम लगभग 7:30 बजे वह अपनी पत्नी को खोजने लगा, जब उसकी पत्नी घर में नहीं थी इसके बाद वह थोड़ी ही दूर घर से लगी एक झोपड़ी में जा पहुंचा। जहां जाकर देखा तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। उसने अपनी पत्नी को किसी और की बाहों में आपत्तिजनक स्थिति में पाया। जिसके बाद उसने अपनी पत्नी और उस लड़के को पकडऩे की कोशिश की। इस दौरान उसकी पत्नी और लड़का भी भागने में सफल रहा।

लड़के का करता रहा पीछा
मृतका के पति ने पूरे मामले में आगे बताया कि वह उस लड़के का पीछा करता रहा लेकिन वह उसकी पकड़ से बाहर हो गया। लेकिन इसके बाद वह उसकी पकड़ से दूर न जा सका क्योंकि उसे उस लड़के का नाम पता था। लड़का उसके पड़ोस में ही किराए पर रहता था, इसलिए उसने थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

धारा 151 के तहत कार्रवाई
पुलिस ने महिला के साथ अवैध संबंधों में पाए जाने वाले व्यक्ति गणेश मंडावी के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया है। कल रात ही उसे गिरफ्तार किया गया था, जिसे गुरुवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। वहीं महिला की आत्महत्या के बाद से पूरे घर में मातम पसरा हुआ है।
रात भर गायब, सुबह मिली लाश
परिजनों ने बताया कि इस पूरे मामले के बाद रातभर महिला को खोजने की कोशिश की गई। आसपास के खेत-खलिहान, मोहल्ले में भी खोजबीन की गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल पाया। वहीं गुरुवार सुबह आसपास के ग्रामीणों ने सूचना दी कि खेत में एक महिला की लाश फंदे से लटक रही है। जिसके बाद पति देखने गया तो उसकी पत्नी मृत अवस्था में मिली।