रायपुर। पंचकूला हरियाणा में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश से 13 खेलों के 123 खिलाड़ी जौहर दिखाएंगे। चार जून के इसका आगाज हुआ, जिसमें हिस्सा लेने के लिए जूडो टीम को छोड़ बाकी खेलों की टीमें शुक्रवार को रवाना हो गईं। स्पर्धा 14 जून तक चलेगी। वालीबाल, वेटलिफ्टिंग, स्वीमिंग की पिछले दिनों हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य के खिलाडिय़ों का प्रदर्शन बेहतर रहा, जिससे उम्मीद की जा रही है कि यूथ गेम्स में यहां के खिलाड़ी गोल्ड मेडल ला सकते हैं। प्रदेश की जूडो टीम छह जून को दुर्ग से रवाना होगी।
विभिन्न जिलों से 11 बालक-बालिका जूडो खिलाड़ी, दो प्रशिक्षकों और दो प्रबंधकों का चयन किया गया है। बालिका टीम में नंदिनी सिंह 65 किलोग्राम से कम दुर्ग जिला, ललिता साहू 44 केजी से कम बिलासपुर जिला, श्रद्धा गोस्वामी 57 किलो से कम बिलासपुर, दीपिका साहू 40 किलो से कम दुर्ग, हर्षिता प्रसाद 48 किलो से कम दुर्ग, तेजस्विनी राठौर 63 किलो से अधिक बलौदा बाजार भाटापारा से चयनित हैं। बालक वर्ग में हर्ष दुबे 66 किलो से कम दुर्ग जिला, बृजराज सिंह 73 किलो से कम दुर्ग, उनेश कुडियम 60 किलो से कम बीजापुर जिला, हर्ष सिंह 81 किलो रायगढ़ एवं निरंजन कुमार 81 किलो रायगढ़ का चयन किया गया है।




