बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के जंगल में शिकारियों ने जानवर फंसाने के लिए करंट लगाया था। इसमें फंसकर शिकारी की मौत हो गई। वहीं, एक चीतल भी करंट की चपेट में आ गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या और वन्य जीव हत्या का मामला दर्ज किया है। सीपत क्षेत्र के कनई में रहने वाले रूप सिंह गोंड़ शनिवार की रात अपने साथी बीरबल कुमार पोर्ते निवासी सिल्ली थाना हरदीबाजार जिला कोरबा, जनक नाई ग्राम लोटनापारा जयंती नगर थाना हरदीबाजार जिला कोरबा, महिपाल सिंह मरावी निवासी कनई के साथ जंगली जानवर के शिकार के लिए गया था।
चारों जंगल के बीच सतीमुड़ा तालाब के पास पहुंचे। उन्होंने बिजली के खंभे से कनेक्शन लेकर तालाब के पानी में डाल दिया। इससे तालाब में पानी पीने के लिए आया चीतल करंट की चपेट में आकर मर गया। चीतल को लाने के चक्कर में रूप सिंह भी करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके करंट की चपेट में आते ही साथी मौके से भाग निकले। गांव का संजय सुबह तालाब की ओर गया। उसने रूप सिंह और चीतल का शव देखकर इसकी सूचना गांव में दी। इसके बाद कोटवार के साथ मौके पर पहुंचे। कोटवार ने घटना की जानकारी सीपत पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने चीतल और शिकारी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। गांव में पूछताछ के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। शिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
