रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं पर जमीनी स्तर पर राजनीति से दूर रहने और लोगों के बीच न जाने के आरोप लग रहे हैं। इस बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने इन आरोपों को गलत करार दिया।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के हर नेता लगातार लोगों के बीच जा रहे हैं। बूथ स्तर पर और मंडल स्तर पर लगातार काम हो रहा है। अब क्या घर छोड़ दें? धूप में घूम घूम कर काले हो गए। हर नेता ग्राउंड पर पहुंच रहा है। आने वाले दिनों में और भी कई कार्यक्रम होने हैं, जहां हम सभी मौजूद रहेंगे।

डॉ.रमन सिंह ने शुक्रवार को प्रदेश की कार्यसमिति बैठक में कहा कि हाल ही में राजस्थान में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के फॉलोअप के तहत इस मीटिंग का आयोजन किया गया था। प्रदेश में माइक्रो लेवल पर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जाएगी। गांव-गांव के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पार्टी को मजबूत करने के काम तय किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का 8वां साल पूरा हो रहा है। भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि युवा मोर्चा विधानसभा स्तर पर विकास तीर्थ बाइक रैली निकालेगी। केंद्र सरकार की उलब्धियों का पर्चा बांटा जाएगा। मानसून को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों से मन की बात करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रत्येक कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा किसानों सहित आमजन को मन की बात कार्यक्रम सुनने के लिए बूथों पर लेकर आएंगे। 1 से 15 जून तक सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण अभियान चलाया जएगा।