निगम के पिछले कार्यकाल में काटे पीपल, नीम के छायादार पेड़
दुर्ग । वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने साफ कहा है कि गौरवपथ पर पेड़ों को काटा नहीं जाएगा। गौरवपथ के उन्नयन और सौंदर्यीकरण की योजना में पेड़ काटने की योजना ही नहीं है। भाजपा के कुछ नेता अनावश्यक रूप से यह अफवाह फैला रहे हैं कि गौरवपथ के पेड़ काटे जाएंगे। वोरा ने कहा कि हरे.भरे पेड़ों को काटने का काम नगर निगम के पिछले कार्यकाल में किया गया है।
अब शहर में विकास कार्य कराने के नाम पर पेड़ों को नहीं काटा जाएगा। वोरा ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं कि हरियाली बिखेरकर दुर्ग शहर को ग्रीन सिटी बनाने की मंशा के साथ विकास कार्यों को पूरा किया जाए। गौरव पथ में लगे हरे भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने की योजना बनी ही नहीं है। भाजपा के लोग दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि यहां के पेड़ों को काटा जाएगा। वोरा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि गौरवपथ की हरियाली कायम रहेगी। इसमें और इजाफा किया जाएगा। पूरे शहर को हरा भरा बनाने की दिशा में व्यापक स्तर पर प्लानिंग की जाएगी। विधायक ने अफसरों से कहा है कि गौरवपथ के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य के तहत रोड चौड़ीकरण, व्यवस्थित सौंदर्यीकरण, नाली निर्माण और प्रकाश व्यवस्था के कार्य किये जाएंगे। इस संबंध में निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गए हैं। यह कार्य जल्द से जल्द पूरा करने कहा गया है, ताकि दुर्ग शहर को खूबसूरत और व्यवस्थित गौरवपथ की सौगात दी जा सके।

दुर्ग को सीएम ने दी बड़ी सौगात, वोरा की मांग पर जिला अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट की मंजूरी
दुर्ग जिला मुख्यालय को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा की मांग पर जिला अस्पताल परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माण मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण पर कुल 24 करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे। सीजीएमएससी द्वारा क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण किया जाएगा। वोरा ने क्रिटिकल केयर यूनिट की मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। वोरा ने कहा है कि संवेदनशील मुख्यमंत्री से इस संबंध में मांग की गई थी। दुर्ग को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बड़ी सौगात दी है। वोरा ने इस संबंध में आज कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से भी चर्चा की है। वोरा ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण सीएमएचओ कार्यालय के पीछे पुराने टीबी अस्पताल के पास खाली जमीन पर किया जाएगा। यहां यूनिट का निर्माण होने पर गंभीर मरीजों को भर्ती करने और उनके बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
