रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा, ‘राज्य में 15 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी भाजपा ने राम वन गमन पथ क्यों नहीं बनवाया… हम धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगते हैं।
इससे पहले सोमवार को बघेल ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा और संघ दयावान और सौम्य भगवान श्रीराम को रैंबो और हनुमान जी को क्रोध का प्रतीक दिखाने की कोशिश कर रही है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सभी शहरी इलाकों में ‘कृष्ण कुंज’ विकसित करने का फैसला लिया है। इसके तहत सांस्कृतिक महत्व वाले पौधे रोपित किए जाएंगे। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी के दिन राज्य में ‘कृष्ण कुंज’ के लिए चिन्ह्नित स्थलों पर पौधरोपण की शुरूआत की जाएगी।
