नई दिल्ली (एजेंसी)। पंजाब पुलिस बुधवार सुबह से ही एक्शन मोड में है। आप के बागी नेता और कवि कुमार विश्वास के बाद अब पंजाब पुलिस आप की पूर्व विधायक व कांग्रेस नेत्री अलका लांबा के घर पहुंची है। यह जानकारी अलका लांबा ने खुद अपने ट्विटर के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा, पंजाब पुलिस मेरे घर पहुंच चुकी है। इससे पहले जब पंजाब पुलिस कुमार विश्वास के घर पहुंची थी तब भी अलका ने एक ट्वीट कर लिखा था अब समझ आ रहा कि आप को पुलिस क्यों चाहिए।
अलका ने उस ट्वीट में लिखा, ‘अब समझ आ रहा होगा कि आप को पुलिस क्यों चाहिए थी.. भाजपा की तरह मात्र अपने विरोधियों को डराने और उनकी आवाज दबाने के लिए। थोड़ी तो शर्म करो केजरीवाल जी।



सुबह सात बजे पहुंची थी विश्वास के घर पुलिस
बुधवार सुबह 7:00 बजे पंजाब पुलिस के निरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मी कवि कुमार विश्वास के गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-3 स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस निरीक्षक ने उन्हें एक मामले में नोटिस तामील कराया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ है विश्वास के खिलाफ केस
कुमार विश्वास के खिलाफ रोपड़ थाने में धारा 153, 153ए, 323, 341, 506, 120बी के तहत केस दर्ज किया गया है। रोपड़ पुलिस ने गाजियाबाद पहुंचकर कुमार विश्वास के घर पर समन रिसीव करवाया। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कुमार विश्वास द्वारा केजरीवाल के खिलाफ सार्वजनिक किए एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने ये केस दर्ज किया है। वीडियो के जरिए विश्वास ने केजरीवाल पर खालिस्तानियों से सम्बंध का आरोप लगाया था।