खैरागढ़। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ उप चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। 2 लाख 11 हजार 516 मतदाता 10 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। 291 केंद्रों में शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। निष्पक्ष मतदान के लिए केंद्रीय पुलिस बल की 22 कंपनियां तैनात की गई है। मतदान केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अति संवेदनशील केंद्रों में प्रशासन की पैनी नजर है। यहां 16 अप्रैल को मतगणना होगी। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस अच्छी मार्जिन से जीतेगी। इस जीत के 24 घंटे की भीतर खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा कर दी जाएगी। सीएम ने कहा कि मई से वे 90 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। कोरोनाकाल के पहले बस्तर, सरगुजा संभाग का दौरा किया था, लेकिन अब सभी विधानसभा सीटों पर जाएंगे।
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हो गया है। मतदान की शुरुआत काफी धीमी रही। हालांकि बाद में रफ्तार बढऩे लगा। सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान के बाद पहला अपडेट मिलने तक महज 22 फीसदी मतदान होने की सूचना है। 11 बजे तक खैरागढ़ विधानसभा में 22 फीसदी से ज्यादा मतदान का रिकार्ड दर्ज किया गया।

बता दें खैरागढ़ विधानसभा के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस बीच छुईखदान से बड़ी खबर आ रही है। यहां के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में बने बूथ पर भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को भीतर जाने से सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। इससे नाराज होकर भाजपा प्रत्याशी वहीं धरने पर बैठ गए। सुरक्षा कर्मियों को हटाने की मांग करने को लेकर यहां काफी देर तक हंगामा हुआ। बाद मे अफसरों ने मामला सुलझाया। अफसरों ने बताया कि सुरक्षा कर्मी प्रत्याशी को पहचान नहीं पाए इसलिए गलतफहमी हो गई।

मतदान के प्रति दिख रहा उत्साह
इधर मतदान शुरू होने के बाद गांवों में मतदान के प्रति उत्साह दिख रहा है। पुरुषों के साथ ही महिलाएं भी उत्साह पूर्वक मतदान में हिस्सा ले रही है। अफसरों का अनुमान है इस बार यहां मतदान का पिछला रिकार्ड टूटेगा। पिछले वर्ष खैरागढ़ में काफी कम मतदान हुआ था। नए जिले की घोषणा ने यहां के मतदाताओं मे जोश भर दिया है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शाम तक यहां 70 फीसदी से ज्यादा मतदान होगा। पिछले साल यहां केवल 36 फीसदी वोटिंग हुई थी।

कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी ने किया मतदान
मतदान शुरू होने के बाद सुबह 9.30 बजे कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा और भाजपा उम्मीदवार कोमल जंघेल अपनेल-अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने ग्राम देवारीभाट के शासकीय प्राथमिक शाला पहुंच कर मतदान किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने परिवार सहित अपने गांव घिरघोली में बने बूथ पर मतदान किया।
यशोदा वर्मा ने कहा कांग्रेस की जीत पक्की
वोट देने के बाद दोनों प्रत्याशियों ने अपनी जीत का दावा किया है। कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की जीत तय है। खैरागढ़ के लोगों को जिला बनने का इंतजार है और कांग्रेस की जीत के साथ ही जनता को नए जिले की सौगात मिलेगी। दूसरी ओर मतदान के बाद कोमल जंघेल ने कहा कि उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है। भाजपा के पक्ष में पूरा माहौल है।