दुर्ग। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के आह्वान पर दिल्ली से लेकर राजधानी रायपुर तक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई मुक्त भारत के लिए बढ़ती महंगाई के विरोध में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। दुर्ग में भी वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा के नेतृत्व में कांग्रेसियों द्वारा अनूठा प्रदर्शन किया गया।
वोरा ने सबसे पहले अपने निवास पर ही मोटर सायकिल एवं सिलिंडर को माला पहनाई एवं उसके बाद कार्यकर्ताओं समेत सायकल से ही अलग अलग स्थानों पर ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम में शामिल होने निकल पड़े। जहां जगह जगह पर महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने थाली और खाद्य तेल के टिन बजा कर केंद्र की बहरी सरकार को जगाने का प्रयास किया। वोरा ने मोदी सरकार की विफल नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सिर्फ पोस्टर, बैनर एवं प्रचार तंत्र से सरकार चलाई जा रही है। पेट्रोल डीजल, घरेलू गैस, खाद्य तेल समेत सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। कमर तोड़ महंगाई से मध्यम वर्ग का जीना मुहाल हो गया है।


चुनावी समय में सरकार जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से पेट्रोल डीजल की कीमतों को काबू में रखने का खेल रचती है और चुनाव सम्पन्न होने के बाद से हर दिन कीमतें बढऩे लगती हैं। जनता अब भाजपा के चाल चरित्र और चेहरे को भली भांति पहचान चुकी है। लोग अब यूपीए सरकार के कार्यशैली एवं आर्थिक प्रबंधन को याद कर रहे हैं। देश भर में अब जनता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाले छत्तीसगढ़ विकास मॉडल को लागू करने की आवश्यकता है।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में आम जनता को सशक्त बनाने हेतु कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा लगातार बढ़ाई जा रही महंगाई से लडऩे लोग सक्षम हो सकें। विरोध प्रदर्शन के दौरान पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष आर एन वर्मा, निगम महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला अध्यक्ष गया पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा समेत सैकड़ों की संख्या में जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।