भिलाई। छत्तीसगढ़ में इन दिनों गोबर का ब्रीफकेस बजट का ब्रांड बन गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस परंपरा की शुरुआत सरकार के बजट के लिए किया इसके बाद इसका ट्रेंड ही चल पड़ा। इसके बाद नगरीय निकायों में महापौर भी गोधन से बने ब्रीफकेस में ही अपना बजट लेकर पहुंच रहे हैं। ताजा मामले में नगर पालिक निगम दुर्ग व रिसाली का बजट भी गोधन के ब्रीफकेस में लाया गया।
बता दें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 9 मार्च को बजट पेश किया था इस दौरान वे गोधन से बने ब्रीफकेस में छत्तीसगढ़ का बजट लेकर पहुंचे थे। सीएम बघेल की यह पहली देश भर में चर्चा का विषय बना। इसके बाद गोधन के ब्रीफकेस का ट्रेंड ही चल पड़ा है। नगर पालिक निगम रायपुर का बजट भी महापौर एजाज ढेबर ने गोधन से बने ब्रीफकेस से ही प्रस्तुत किया।

भिलाई 3 चरोदा में भी दिखा यही दृश्य
पिछले दिनों नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा का बजट हुआ। इस दौरान महापौर निर्मल कोसरे ने भी गोधन से बना ब्रीफकेस लेकर ही पहुंचे थे। गोधन के ब्रीफकेस से उन्होंने भिलाई चरोदा नगर निगम का ऐतिहासिक बजट पेश किया। 257 करोड रुपए से ज्यादा का बजट उन्होंने भिलाई 3 चरोदा के लिए बनाया।


दुर्ग व रिसाली में भी यही ट्रेंड
इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पालिक निगम रिसाली व नगर पालिक निगम दुर्ग का बजट भी गोधन से बने ब्रीफकेस से ही प्रस्तुत किया गया। नवगठित रिसाली निगम की पहली बजट बैठक मैत्री कुंज रिसाली स्थित निगम के मंगल भवन में हो रही है। रिसाली महापौर शशि सिन्हा व दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल भी गोधन के ब्रीफकेस लेकर ही पहुंचे।
कल पेश होगा भिलाई निगम का बजट
नगर पालिक निगम भिलाई का बजट 30 मार्च बुधवार को प्रस्तुत किया जाएगा। संभावना यही है कि महापौर नीरज पाल भी अपना पहला बजट गोधन के ब्रीफकेस से प्रस्तुत करेंगे। निगम सभागार में 30 मार्च सुबह 11:00 बजे बजट बैठक शुरू होगी। बैठक के लिए विपक्षी पार्षदों ने पहले से ही तैयारियां कर रखी हैं। माना जा रहा है कि भिलाई निगम का बजट बैठक हंगामेदार होगा। इधर महापौर नीरज पाल इस बार नगर पालिक निगम भिलाई का बजट ऐतिहासिक होने का दावा कर रहे हैं, जिसमें सभी क्षेत्रों के विकास का ध्यान रखा जाएगा।