लखनऊ (एजेंसी)। यूपी चुनाव में भाजपा गठबंधन को 273 तो सपा गठबंधन को 125 सीटें प्राप्त हुई हैं। चुनाव नतीजे के बाद सीएम योगी के नेतृत्व में गठित होने वाली भाजपा की नई सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्यों पर दिल्ली में मोहर लगेगी। इसके लिए सीएम योगी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य नेता आज दिल्ली जा सकते है। वहीं, नतीजों के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती का बयान आया है।
संजय राउत का मायावती और ओवैसी पर हमला
यूपी में चुनाव नतीजों पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि यह भाजपा का राज्य था, अब भी है, लेकिन अखिलेश की सीटें तीन गुना बढ़ी हैं। सपा 42 से 125 पर पहुंची है। मायावती व ओवैसी ने भाजपा की जीत में योगदान दिया, इसलिए उन्हें पद्म विभूषण व भारत रत्न देना चाहिए।

भाजपा ने लखनऊ में झटका खाकर भी भगवा फहराया
यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राजधानी लखनऊ में झटका खाकर भी भगवा फहराया है। 2017 के चुनाव में नौ में से आठ सीटें पाने वाली पार्टी को इस बार सात सीटें मिली हैं। खास बात यह है कि शहर की दो सीटों पर भाजपा को मात मिली है, लेकिन उसने पहली बार मोहनलालगंज में जीत दर्ज करने का भी रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही जिले की ग्रामीण क्षेत्र की सभी सीटों पर पहली बार जीत हासिल करने का तमगा भी उसे मिला है।

2017 के मुकाबले 2022 में बढ़ा सपा का वोट प्रतिशत
अखिलेश यादव ने जो ट्वीट किया है उसका आधार चुनाव परिणाम के बाद आए आंकड़े कह रहे हैं। समाजवादी पार्टी को 2017 के 21.82 प्रतिशत के मुकाबले इस बार उससे कहीं अधिक 32.03 प्रतिशत वोट मिले हैं और 111 सीटें जीती है। उसने राज्य में प्रमुख विपक्षी दल के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वहीं भारतीय जनता पार्टी को 2017 के 39.67 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 41.38 प्रतिशत वोट मिले। इसके 2.13 प्रतिशत वोट बढ़े जरूरी, लेकिन सीटों की संख्या 312 से घट गई है। भारतीय जनता पार्टी इस बार 255 सीट ही जीत सकी है।
भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है: अखिलेश
यूपी विधानसभा के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान दिया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को हमारी सीटें ढाई गुनी व मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए हार्दिक धन्यवाद! अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि हमने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। भाजपा का ये घटाव निरंतर जारी रहेगा।आधे से ज़्यादा भ्रम और छलावा दूर हो गया है बाकी कुछ दिनों में हो जाएगा। जनहित का संघर्ष जीतेगा!
मायावती ने 1977 का कांग्रेस का दिया उदाहरण
मायावती ने कहा कि सबसे मजबूत यह बात रही कि मेरे समाज का दलित वर्ग मेरे साथ मजबूती से चट्टान की तरह खड़ा रहा जबकी दलित एक वर्ग दूसरी तरफ शिफ्ट हो गया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मनोबल नहीं गिरने देना है सफलता एक दिन झक मारकर हमारे कदम चूमेगी। मायावती ने 1977 का कांग्रेस का उदाहरण दिया । वह सत्ता से बाहर हो गई थी लेकिन इसके बाद कांग्रेस ने दोबारा सत्ता में वापसी की इसी तरह से बसपा भी सत्ता वापसी करेगी। काडर के जरिए जनाधार को बढ़ाने का काम किया जाएगा।
आज दिल्ली जा सकते हैं सीएम योगी समेत कई बड़े नेता
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गठित होने वाली भाजपा की नई सरकार के मंत्रिमंडल के सदस्यों पर दिल्ली में मोहर लगेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य नेता आज दिल्ली जा सकते है।
अखिलेश बोले-आधे से ज्यादा भ्रम दूर हो गया, मायावती ने कहा- हमें ‘अपनों’ ने भी छोड़ा
उत्तर प्रदेश में भाजपा के हाथ गुलाल तो सपा, बसपा और कांग्रेस को मलाल हाथ लगा। गुरुवार को ईवीएम खुलीं तो यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भाजपा गठबंधन ने न सिर्फ 273 सीटें जीतीं, बल्कि ऐतिहासिक जीत के साथ लगातार दूसरी बार सत्ता पर काबिज होने का रिकॉर्ड भी रच दिया। सपा-रालोद गठबंधन को सीटें भले 125 मिलीं लेकिन भाजपा के लिए वे कोई चुनौती नहीं बन सके। बसपा और कांग्रेस की तो दुर्गति हो गई।