बिलासपुर। सोठी सर्किल के बिटकुला बीट में तेंदुआ के शिकार के मामले में वन विभाग की टीम अब तक शिकारियों का सुराग नहीं ढूंढ पाया है। इधर वनमंडलाधिकारी द्वारा 24 घंटे का अल्टीमेटम भी पूरा हो गया। इसे देखते हुए ही उन्होंने रेंजर, फारेस्टर व बीट गार्ड को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
घटना को लेकर बिलासपुर से रायपुर मुख्यालय तक हड़कंप मचा हुआ है। उच्चाधिकारियों ने भी जल्द जांच कर दोषियों को पकडऩे के निर्देश दिए हैं।

हालांकि पहले ही दिन डाग स्क्वायड की मदद से तीन संदेहियों को पकड़ा गया। विभाग ने तीनों से सुबह से लेकर रात तक पूछताछ करती रही। लेकिन किसी तरह सफलता हाथ नहीं लगी। इन तीन के अलावा एक-दो और पर भी संदेह के आधार जानकारी खंगालने की कोशिश की गई। इसमें भी ठोस सुराग नहीं मिले। घटना के दूसरे दिन ही वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने जांच कर शिकारियों का पता लगाने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। परिणाम नहीं आने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

इसके बाद भी वन अमले के हाथ कुछ नहीं लगा। इसलिए गुरुवार को रेंजर, फारेस्टर व बीट गार्ड का नोटिस जारी कर दिया गया है। इस नोटिस के बाद अधिकारी व कर्मचारी सकते में हैं। मालूम हो कि तेंदुआ का शिकार करेंट बिछाकर किया गया है। डाग स्क्वायड की जांच में घटना स्थल के पास लकड़ी के नौ खूंटे भी बरामद किए गए हैं। नुकीले इन खूंटे को जमीन में गड़ाकर ही इसके सहारे करेंट प्रभावित तार को बांधा गया था।