रायपुर। बसपन का प्यार गीत गाकर देशभर में सुर्खियां बटोरने वाले छत्तीसगढ़ के सहदेव दिरदो का जगदलपुर के डिमरापार मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। सहदेव अभी आईसीयू में भर्ती है और उसकी सेहत में सुधार है। सहदेव को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सक व स्टाफ लगातार उसकी स्थित पर नजर बनाए गए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सहदेव का सीटी स्कैन और अन्य टेस्ट कराए गए हैं। ब्लड का थक्का जम गया था, लेकिन अभी खतरे की कोई बात नहीं है। इधर सीएम भूपेश बघेल ने सहदेव को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अफसरों को दिए हैं।
बता दें कि मंगलवार को सहदेव दिरदो अपने पिता के साथ बाइक पर कहीं जा रहा था तभी शबरी नगर के पास दुर्घटना में घायल हो गया। इस हादसे में सहदेव के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पहले उसे सुकमा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर विनित नंदनवार और एसपी सुनील शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। एएसपी ओम चंदेल ने जगदलपुर के न्यूरोलॉजिस्ट से बात कर सहदेव को बेहतर इलाज के लिए सुकमा से जगदलपुर के डिमरापाल स्थित मेडिकल कालेज (मेकाज) रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. टीकू सिन्हा ने बताया है कि सहदेव को होश आ गया है। वह अब बातचीत भी कर रहा है। सहदेव की सेहत में सुधार होने पर अब उन्हें रायपुर या विशाखापट्टनम रेफर करने की कोई जरूरत नहीं है। डॉक्टरों ने कहा कि 12 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखेंगे। सहदेव फिलहाल खतरे से बाहर हैं। अधीक्षक सिन्हा ने बताया कि परिजन सहदेव को हायर सेंटर रेफर करने की बात कह रहे थे, ताकि और बेहतर उपचार हो सके।

सिंगर बादशाह ने की सहदेव के परिजनों से बात
बता दें कि सहदेव ने बसपन का प्यार गीत गाकर खासी सुर्खियां बटोरी है। सहदेव का यह गाना सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने भी सहदेव को अपने साथ गाना गाने का मौका दिया। यही नहीं सहदेव टीवी पर चल रहे कई रियालिटी शो का भी हिस्सा बने। हादसे की खबर के बाद मशहूर गायक बादशाह भी फोन पर सहदेव के स्वास्थ्य की जानकारी परिजनों से ले रहे हैं। बादशाह ने परिजनों से यह भी कहा है कि देश के किसी भी अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज की जरूरत हो तो वहां करवाएं, उनकी टीम पूरी मदद करेगी।
