भिलाई। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने रिसाली क्षेत्र से अपनी बहू को चुनाव नहीं लड़वाने को लेकर लग रही अटकलों पर पहली बार बात की है। उन्होंने भाजपा के डर गए वाले बयान पर कहा कि उनके त्याग को डर के साथ जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के लिए त्याग किया है। यदि सांसद, विधायक और महापौर हम ही बनेंगे तो कार्यकर्ता क्या करेंगे?
श्रीकंचनपथ से विशेष चर्चा करते हुए गृहमंत्री ने कई मुद्दों पर स्पष्ट राय रखी। भाजपा द्वारा अपनी बहू को चुनाव लड़वाने से डर जाने जैसे आरोपों पर उन्होंने कहा कि हम डरने वाले लोगों में नहीं है। जब रिसाली नगर निगम में महापौर का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हुआ, तब बहुत सारे लोगों की इच्छा थी कि मेरी बहू चुनाव लड़े। उनका चुनाव जीतना भी तय था और महापौर बनना भी। लेकिन मुझे यह बात पसंद नहीं थी कि विधायक, सांसद और महापौर जैसे सारे चुनाव हम ही लड़ें। यदि यह सब हम ही करेंगे तो कार्यकर्ता क्या करेंगे? श्री साहू ने भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा कि जिसे भाजपा के लोग डर कह रहे हैं, दरअसल, वह त्याग है। हम चाहते हैं कि हमारे कार्यकर्ता भी आगे बढ़ें। डर का काम उन लोगों का है जो डर की बातें करते हैं।

गृहमंत्री ने कहा कि दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की जनता से हमारा सीधा रिश्ता है। उन्होंने जो किया वह कार्यकर्ताओं के लिए किया। अवसर सबके लिए है, सबको मिलना चाहिए। भाजपा के एक अन्य आरोप पर उन्होंने कहा कि रिसाली क्षेत्र के लिए जो 100 करोड़ रूपए की राशि हमने स्वीकृत की, वह एक ही बार में स्वीकृत नहीं हुई है। जो राशि पहले स्वीकृत हुई, उसके काम हो चुके हैं। जो बाद में स्वीकृत हुई, उसके काम चल रहे हैं और कई काम टेंडर की प्रक्रिया में हैं। भाजपाइयों के पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए वे ऐसी बातें करते हैं। जनता उनकी बातों पर भरोसा नहीं करती। श्री साहू ने कहा कि नगर निगम बनने से पहले रिसाली का बड़ा हिस्सा भिलाई नगर क्षेत्र में आता था। भिलाई व्यापक क्षेत्र है, इसलिए काम कम हो पाते थे। विधायक और मंत्री बनने के बाद उन्होंने रिसाली क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना की। इसी के परिणामस्वरूप 1 साल के भीतर जहां नगर निगम बन गया, वहीं डेढ़ साल में 100 करोड़ के काम भी स्वीकृत किए गए।

श्री साहू ने कहा कि क्षेत्र में काम करने की अपार संभावनाएं हैं। हमने यहां अंग्रेजी माध्यम स्वामी आत्मानंद स्कूल खोला, कैंसर अस्पताल व कॉलेज बनाया। यदि कांग्रेस का महापौर आता है तो इंडोर, आउटडोर स्टेडियम, बढिय़ा मैदन, गार्डन जैसे काम किए जाएंगे। बड़े-बड़े सामुदायिक भवनों आदि के लिए यहां काफी गुंजाइश है। सभी के लिए नई बिल्डिंग बनानी होगी, क्योंकि यहां कुछ है ही नहीं। बच्चों के खेलकूद के लिए बहुत कुछ किया जा सकता है। रिसाली से लगे गांवों में खेदकूद स्पर्धाएं होती रहतीं हैं। श्री साहू ने आश्वस्त किया कि नगर निगम के चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष होंगे।