भिलाई। कोरोना से राहत के बीच छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से संक्रमण दर बढ़ती दिख रही है। बीते 24 घंटों के दौरान 16 हजार 372 सैम्पलों की जांच हुई जिसमें 35 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस दौरान प्रदेश की औसत पॉजिटिविटी दर 0.21 प्रतिशत रही जो कि पिछले दिनों के मुकाबले ज्यादा है। प्रदेश में कोरोना से बीते 24 घंटों में एक भी मौत नहीं होने से राहत मिली है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों में 17 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक 9 लाख 92 हजार 613 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। वहीं अब तक प्रदेश में कुल 10 लाख 6 हजार 492 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। स्वस्थ होने की दर में कमी के कारण प्रदेश में एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। फिलहाल प्रदेश में 290 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं अब तक प्रदेश में कोरोना के कारण 13 हजार 591 लोगों की मौत हो चुकी है।
रायपुर में सर्वाधिक नए केस
प्रदेश में कोरोना के बढ़ते आंकड़ों में राजधानी रायपुर की हिस्सेदारी बढ़ी है। बीते 24 घंटों में रायपुर से सर्वाधिक 12 नए केस सामने आए हैं। इसके अलावा जसपुर से 7 तथा दुर्ग व दंतेवाड़ा से 5-5 केस सामने आए। राजनांदगांव, बेमेतरा, धमतरी, महासमुंद, रायगढ़ से 1-1 मरीज मिले। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 18 जिलों से एक भी नया मामला सामने नहीं आया।
देश में कोरोना से राहत: बीते 24 घंटे में मिले 10302 नए मरीज
देश में अब लोगों को कोरोना से राहत मिलने लगी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार के आंकड़े के अनुसार सक्रिय मरीजों की संख्या 531 दिनों बाद सबसे कम आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना के 10,302 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 267 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा 11,787 लोग स्वस्थ भी हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब कुल 1,24,868 सक्रिय मरीज बचे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में 11, 106 मामले सामने आए थे। वहीं सक्रिय मामले घटकर 1,26,620 हो गए थे।