दुर्ग। विधायक अरुण वोरा ने आज साइंस कॉलेज परिसर में पेयजल व्यवस्था के लिए 22 लाख रुपए की लागत से पाइपलाइन विस्तार कार्य का लोकार्पण किया। यह कार्य खनिज न्यास मद से किया गया है। इसी तरह वोरा ने रायपुर नाका अंडरब्रिज निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य शुरू कराया।
इस कार्य पर कुल 45 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से रेलवे द्वारा पैसा जमा करवा दिए जाने के बाद भी निगम की लचर कार्यप्रणाली की वजह से निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। यह काम न होने के कारण रायपुर नाका अंडरब्रिज निर्माण का काम कई महीने से बंद पड़ा था।
वोरा ने अंडरब्रिज निर्माण कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वोरा ने कहा कि रायपुर नाका अंडरब्रिज और धमधा नाका अंडरब्रिज का निर्माण कार्य कई महीने से लटका है। काम पूरा न होने के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम निर्धारित समय पर पूरा किया जाना चाहिए। वोरा ने अंडरब्रिज निर्माण का प्रोजेक्ट भी बिना रूकावट तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए हैं।