नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना वैक्सीनेशन के 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर भारत ने आज इतिहास रच दिया है। इस मौके पर कई जगह जश्न मनाने की तैयारी है। इसके तहत देश भर में कार्यक्रम आयोजित कर टीकाकरण में योगदान देने वालों का आभार जताया जाएगा। देश में 100 करोड़ खुराक दिए जाने के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया लाल किले से गायक कैलाश खेर का गीत और आडियो-विजुअल फिल्म जारी करेंगे।
नीती आयोग के सदस्य(स्वास्थ्य) डॉ वीके पॉल ने कहा कि भारत के लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई। भारत में टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने के बाद से केवल 9 महीनों में एक उपलब्धि, किसी भी राष्ट्र के लिए 1 बिलियन खुराक के निशान तक पहुंचना उल्लेखनीय है।
देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई। शुरुआती 20 करोड़ वैक्सीन डोज 131 दिन में लगे। अगले 20 करोड़ डोज 52 दिन में दिए गए। 40 से 60 करोड़ डोज देने में 39 दिन लगे। 60 करोड़ से 80 करोड़ डोज देने में सबसे कम, महज 24 दिन लगे। अब 80 करोड़ से 100 करोड़ होने में 31 दिन लगे हैं। इस दौरान रफ्तार में थोड़ी कमी आई है। इसी रफ्तार से वैक्सीनेशन होता रहा तो देश में 200 करोड़ वैक्सीन डोज का आंकड़ा पार करने में करीब 6 महीने और लगेंगे। एक अनुमान के मुताबिक अप्रैल 2022 के प्रथम सप्ताह में देश 200 करोड़ वैक्सीनेशन का लक्ष्य पार कर लेगा।





