नई दिल्ली (एजेंसी)। देश के सबसे बड़े त्योहार दीपावली से पहले कोरोना को लेकर राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों को देखें तो देश में लगातार चौथे दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या 15 हजार से नीचे रही है। यह आंकड़े त्योहारों से पहले शुभ संकेत दे रहे हैं। विशेषज्ञों की मानें तो ताजा आंकड़े बताते हैं कि कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे तीसरी लहर की आशंका भी घट रही है। यही नहीं रिकवरी रेट भी अब तक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 14,623 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। तो वहीं देश में 19,446 लोग ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। हालांकि, 24 घंटों में 197 कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। देश में अब तक कुल 3 करोड़ 41 लाख 8 हजार 996 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अब तक 3 करोड़ 34 लाख 78 हजार 247 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। देश में अब तक कोरोना से 4 लाख 52 हजार 651 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में फिलहाल 1 लाख 78 हजार 98 सक्र्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में बीते 24 घंटों में 41 लाख 36 हजार 142 लोगों का टीकाकरण किया गया। वहीं अब तक देश में 99 करोड़ 12 लाख 82 हजार 283 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
रिकवरी रेट 98.15 पहुंचा
कोरोना संक्रमितों की घटती संख्या और तेजी से ठीक हो रहे लोगों के बीच रिकवरी रेट भी अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। पिछले साल मार्च से अब तक यह पहला मौका है जब रिकवरी रेट 98.15 पहुंचा हो। वहीं कुल मामलों के महज 0.52 प्रतिशत ही एक्टिव केस रह गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, देश में अब सिर्फ 1,78,098 ही सक्रिय कोरोना केस रह गए हैं, जो 229 दिनों में सबसे कम है।

भारत में घटीं 13 प्रतिशत मौतें
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी भारत में कोरोना को लेकर अपनी रिपोर्ट जारी की है। यह रिपोर्ट 11 से 17 अक्तूबर तक की है। इसके तहत भारत में बीते एक सप्ताह में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में 18 प्रतिशत तो कोरोना से होने वाली मौतों में 13 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है।




