गांधीनगर (एजेंसी)। गुजरात के गांधीनगर निकाय चुनाव में सभी 44 सीटों के लिए काउंटिंग पूरी हो चुकी है। भाजपा 44 सीटों में से 40 सीटों पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस को कुल तीन सीटों पर जीत मिली है। जबकि आम आदमी पार्टी को महज एक सीट से संतोष करना पड़ा है। बता दें कि गांधीनगर के 11 वार्डों की 44 सीटों के लिए कुल 162 उम्मीदवार मैदान में थे। आम आदमी पार्टी (आप) के आने के साथ ही इस बार चुनाव परिणाम तीन तरफा होने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन अब यह एकतरफा दिखाई दे रहा है। वहीं इस बढ़त पर भाजपा नेताओं का कहना है कि हमने विकास के नाम पर वोट मांगे हैं तथा जनता का साथ हमेशा भाजपा के साथ रहा है। उनका कहना है कि आम आदमी पार्टी से भाजपा को कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।
चुनाव में बढ़त के बाद गांधीनगर में मतगणना केंद्र के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न शुरू हो गया है। समर्थक ढोल नगारे की धुन पर नाचते नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ता एक दूसरे को अबीर-गुलाल भी लगा रहे हैं। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस ने जहां सभी 44 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, वहीं आप के 40 सीटों पर उम्मीदवार थे। मैदान में अन्य उम्मीदवारों में बसपा के 14, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दो, अन्य दलों के छह और 11 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। गांधीनगर नगर निगम चुनाव में रविवार को हुए मतदान का अंतिम आंकड़ा 56.24 फीसदी रहा था।




