बिलासपुर। शराब पीकर बोतल फोड़ रहे नशेडिय़ों को मना करना युवक को भारी पड़ गया। शराबियों ने उस युवक से बुरी तरह मारपीट की। अधमरे हालात में युवक को थाने के सामने फेंक कर भाग गए। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीण वहां से हटे। यह पूरा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र अचानक पुर नयापारा का है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अचानकपुर नयापारा में रहने वाले अशोक मानिकपुरी (45) और उनके साथी विनोद साहू 5 सितंबर की रात गांव के मंदिरहा तालाब के पास गए थे। इस दौरान कुछ लोग वहां पर शराब पी रहे थे। अशोक ने तालाब के पास शराब की बोतल फोडऩे का विरोध किया। आरोप है कि इस पर गांव के राजू ध्रुव, संजू ध्रुव और उनके साथियों ने अशोक से मारपीट की। मारपीट से घायल अशोक को हमलावर चकरभाठा थाने के सामने फेंककर चले गए। विनोद ने इसकी जानकारी पुलिस और डायल 112 को दी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन उपचार के दौरान मंगलवार दोपहर अशोक की मौत हो गई।
जब ग्रामणों को इसकी जानकारी मिली तो वे काफी आक्रोशित हो गए। गांव में शव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे लेकर चकरभाठा थाना पहुंचे और थाने के सामने नयापारा चौक में ग्रामीणों ने शव सड़क में रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपी युवकों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जब आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।





