मुंबई (एजेंसी)। मुंबई के साकी नाका इलाके में दुष्कर्म की शिकार हुई पीडि़ता की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। 32 साल की दुष्कर्म पीडि़ता का इलाज घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल प्रशासन ने भी पीडि़ता की मौत की पुष्टि कर दी है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महाराष्ट्र के मंत्री व एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए। साथ ही तय समय के भीतर आरोपी के खिलाफ चार्जशीट पेश होनी चाहिए।
बता दें यह वारदात शुक्रवार को मुंबई के साकी नाका इलाके में हुई। यहां खैरानी रोड पर एक 32 वर्षीय महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डालकर दरिंदगी की। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां उसने शनिवार को दम तोड़ दिया। इस मामले में महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीसी टीवी फुटेज में दिख रहे कई सबूत
मुंबई के साकी नाका इलाके में हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें आरोपी के खिलाफ कई सबूत दिख रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, घटना गुरुवार की देर रात 2.30 से 3 बजे के बीच की है। एक फुटेज में आरोपी पीडि़ता के साथ दरिंदगी कर रहा है और महिला को पीट रहा है। उसने लोहे की रॉड से महिला पर हमला किया। दूसरे फुटेज में दुष्कर्म के बाद आरोपी महिला के प्राइवेट पार्ट में कई बार लोहे की रॉड डालकर दरिंदगी पर उतारु है। इतना ही वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी चालाकी से महिला को ऑटो में डालकर वहां से फरार हो जाता है।
