नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। एक सप्ताह से देश में कोरोना के नए मामले 40 हजार से ज्यादा आ रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान हालांकि नए मामलों में कुछ कमी देखी गई है लेकिन यह राहत देने वाली बात नहीं है। बीते 24 घंटों में कोरोना के 38,948 मामले दर्ज किए गए इस बीच 43,903 लोगों ने इस बीमारी को मात दी। वहीं पिछले 24 घंटे में 219 संक्रमितों ने दम तोड़ा।
नए केस का आंकड़ा 9 दिन बाद सबसे कम रहा। साथ ही मौत का आंकड़ा भी लंबे समय बाद 300 के नीचे पहुंचा है। हालांकि, केरल में कोरोना के नए मामले कम नहीं हो रहे हैं। राज्य में रोजाना 29 हजार पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 3 करोड़ 30 लाख 27 हजार 621 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। देश में स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा 3 करोड़ 21 लाख 81 हजार 995 तक पहुंच गई है। कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 4 लाख 40 हजार 752 है। देश में फिलहाल 4 लाख 4 हजार 874 लोगों का इलाज चल रहा है।

68.75 करोड़ से ज्यादा लग चुके हैं कोरोना टीका
देश में अब तक 68.75 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है। देश की 54 फीसदी वयस्क आबादी ने वैक्सीन का पहला डोज लगवाया है। 16 फीसदी वयस्क आबादी ने वैक्सीन के दोनों डोज ले लिए हैं। सिक्किम, दादरा और नगर हवेली और हिमाचल प्रदेश की 18 साल से अधिक उम्र की 100 फीसदी आबादी ने वैक्सीन का पहला डोज लगवा लिया है।

छत्तीसगढ़ में 24 नए केस
कोरोना संक्रमण के मामले में छत्तीसगढ़ के हालात लगातार सुधर रहे हैं। बीते 24 घंटों में 19 हजार 489 सैंपलों की जांच की गई जिसमें 24 लोग पाजिटिव पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान 37 लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक प्रदेश में कुल 10 लाख 4 हजार 635 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं कुल 9 लाख 90 हजार 711 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। कोरोना के कारण प्रदेश में बीते 24 घंटों में एक भी मौत नहीं हुई है। वहीं अब सक्रिय मामले 368 रह गए हैं।