मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने का बयान देने के बाद गिरफ्तार हुए केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नारायण राणे ने बुधवार को कहा कि मेरे खिलाफ दायर सभी मामलों में (शिवशेना द्वारा) बॉम्बे हाईकोर्ट में फैसला मेरे पक्ष में आया है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि देश कानूनों से चलता है। उन्होंने कहा, मेरी पार्टी के नेता मेरे साथ खड़े रहे और मैं उन सबको धन्यवाद कहता हूं। जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार से फिर शुरू होगी।
The verdict in all cases (by Shiv Sena) filed against me in Bombay High Court has come in my favour. This is an indication that the country is run by laws: Union Minister and BJP leader Narayan Rane in Mumbai pic.twitter.com/9YlKVFOrWr
— ANI (@ANI) August 25, 2021
राणे के खिलाफ नहीं करेंगे कोई दंडात्मक कार्रवाई: महाराष्ट्र सरकार
उधर, महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट से कहा है कि वह राणे के खिलाफ नासिक साइबर पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करेगी। इसके साथ ही अदालत ने मामले की सुनवाई 17 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी। राज्य के महाड की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने मंगलवार की रात को राणे को जमानत दे दी थी। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि राणे की गिरफ्तारी सही है लेकिन उन्हें हिरासत में लेने की जरूरत नहीं है।
Maharashtra govt tells Bombay HC that it won't take any coercive action against Union Minister & BJP leader Narayan Rane in the Nashik Cyber Police FIR against him for his statement against CM Uddhav Thackeray. Next hearing on 17th Sept.
— ANI (@ANI) August 25, 2021
गिरफ्तारी के पीछे अनिल परब का हाथ, सीबीआई करे जांच: भाजपा
दूसरी ओर महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब के एक वीडियो ने इस विवाद को और बढ़ा दिया है। इस वीडियो में वह कथित तौर पर पुलिस को राणे को गिरफ्तार करने का आदेश देते हुए सुने जा सकते हैं। इसे लेकर भाजपा विधायक आशीष सेलार ने बुधवार को परब को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, नारायण राणे की गिरफ्तारी के पीछे अनिल परब का हाथ है। भाजपा विधायक ने कहा, हम इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से करवाए जाने की मांग करते हैं।

आजादी के वर्ष याद दिलाने के लिए सीएम को भाजपा लिखेगी चिठ्ठियाँ
सेलार ने कहा, 15 अगस्त को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे यह भूल गए कि देश को आजाद हुए कितने वर्ष हो चुके हैं। राज्य भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में हम 7500 चिठ्ठियाँ लिखेंगे और मुख्यमंत्री को भेजेंगे ताकि वह दोबारा यह न भूल जाएं। सेलार ने सवाल किया, ‘क्या मुख्यमंत्री लोगों से माफी मांगेंगे? जानकारों का मानना है कि राष्ट्रवाद की राजनीति पर चलने वाली भाजपा को महाराष्ट्र में यह अच्छा मौका मिला है और वह इसका फायदा भी उठा सकती है।
नारायण राणे ने कही थी मुख्यमंत्री को जोरदार तमाचा मारने की बात
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने रायगढ़ में अपनी जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कहा था कि यह बेहद शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को देश की स्वतंत्रता का वर्ष नहीं मालूम है। वह अपने भाषण के दौरान आजादी के साल गिन रहे थे। अगर मैं वहां होता तो मैंने उन्हें जोरदार तमाचा लगाया होता। इस टिप्पणी के चलते राणे को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। इस गिरफ्तारी के साथ महाराष्ट्र में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी मौजूदा केंद्रीय मंत्री को गिरफ्तार किया गया है।




