भिलाई। लगातार बढ़ती महंगाई से त्रस्त लोगों के लिए जुलाई माह की शुरुआत कुछ अच्छी नहीं रही। बढ़ते पेट्रोल डीजल की दरों के साथ जनता को महंगाई का ट्रिपल डोज मिला है। तेल विपनन कंपनियों ने 14.2 किग्रा के रसोई गैस सिलेण्डर पर 25.50 रुपए की इजाफा कर दिया है। इसके साथ ही तीनों प्रमुख तेल कंपनियों के रसोई गैस सिलेण्डर अपने उच्चतर कीमत पर पहुंच गए। छत्तीसगढ़ में 14.2 किग्रा के रसोई गैस सिंलेडर के लिए अब लोगों को 906.50 रुपए चुकाने होंगे। इससे पहले प्रदेश में एक सिलेण्डर का दाम 881 रुपए था।
लगातार महंगाई से त्रस्त जनता को केन्द्र सरकार से किसी भी प्रकार की राहत नहीं मिल रही है। पेट्रोल व डीजल के साथ समय समय रसोई गैस के दाम बढ़ाकर केन्द्र सरकार गरीब जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। पेट्रोल डीजल के दामों में लगी आग के बाद रसोई गैस के बढ़े दामों ने महंगाई का तड़का लगा दिया है। रसोई गैस के दाम 25.50 रुपए बढ़े हैं। पिछले 14 महीने में रसोई गैस 43 फीसदी महंगी हो गई है। तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने पिछले 14 महीने में 16 बार दाम बढ़ाए हैं। इसके चलते रसोई गैस का सिलेंडर 588 रुपए से 42.94 फीसदी महंगा हो चुका है। कंपनियों ने अप्रैल-20 के बाद रसोई गैस के ग्राहकों को अचानक सब्सिडी देना बंद कर दिया।
पेट्रोल की कीमत में फिर लगी आग, डीजल के दाम स्थिर
इधर सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को फिर से तेल के दाम बढ़ा दिए हैं। वहीं डीजल की कीमतें स्थिर हैं। पेट्रोल की कीमत अधिकतम 40 पैसे तक बढ़ी हैं। इसके साथ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 97.27 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल 96.90 रुपए प्रति लीटर है। दुर्ग जिले में पेट्रोल 97.60 रुपए के उच्चतम स्तर पर है वहीं डीजल 97.21 रुपए प्रति लीटर है। छत्तीसगढ़ के सुकमा में तो पेट्रोल व डीजल ने शतक मार दिया है। यहां प्रतिलीटर पेट्रोल 100.62 रुपए व डीजल प्रतिलीटर 100.28 रुपए बिक रहा है।

दिल्ली सहित इन महानगरों में यह हाल
प्रमुख महानगरों की बात करें तों शुक्रवार को दिल्ली में पेट्रोल का दाम 99.16 रुपये जबकि डीजल का दाम 89.18 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 105.24 रुपए व डीजल की कीमत 96.72 रुपये प्रति लीटर है। इसी प्रकार कोलकाता में 99.04 रुपए पेट्रोल व 92.03 रुपए डीजल की कीमतें हैं। वहीं चेन्नई में 100.13 रुपए पेट्रोल व 93.72 रुपए डीजल के दाम हैं।