अलीगढ़ (एजेंसी)। जिले में जहरीली शराब का कहर जारी है। जिले में 108 लोगों की जान जहरीली शराब से जा चुकी है। पुलिस शराब कांड के मुख्य आरोप ऋषि शर्मा को रविवार सुबह बुलंदशहर बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम था। इससे पहले शनिवार को एक अन्य आरोपी 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं भाजपा नेता ऋषि शर्मा के अवैध रूप से बने फार्म हाउस को जेसीबी चलवाकर ध्वस्त करा दिया गया था।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने 6 राज्यों में आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। एसएसपी लगातार टीमों की मॉनिटरिंग कर रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर बुलंदशहर बॉर्डर से चैकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। स्कार्पियो गाड़ी नं0- UP81 BT 2169 से 540 खाली पव्वे देशी शराब, 279 ढक्कन लाल रंग, 75 ढक्कन महरूम रंग, 667 ढक्कन सील, 240 रैपर जिनपर गुड ईवनिंग देशी शराब और 500 बार कोड बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऋषि शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने लगभग 500 से ज्यादा नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली। इसकी 100 से ज्यादा रिश्तेदारों के यहां रेकी करके जानकारी जुटाई। विभिन्न जनपदों में अपने 100 से ज्यादा मुखबिरों को एक्टीवेट किया। भागने के रास्तों के सीसीटीवी खंगाले। इसके पुराने जितने भी मित्र व सहयोगी हैं उन सभी से सघन पूछताछ की गई। इसके बाद सटीक सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
अलीगढ़ शराब कांड का मुख्य आरोपी और 1 लाख का इनामी भाजपा नेता ऋषि गिरफ्तार, 108 की गई है जान
