दुर्ग। पाटन शहर के युवाओं के लिए मल्टी स्पोट्र्स कांप्लेक्स अपने व्यक्तित्व को निखारने के लिए बेहद खास जगह होगी। 4 एकड़ में बन रहे इस कांप्लेक्स में इंडोर स्पोट्र्स के ढाँचे के साथ ही लाइब्रेरी की सुविधा भी होगी। गार्डन, स्वीमिंग पुल आदि सुविधाओं से सुसज्जित इस परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी भी होगी जिसमें सभी विषयों से संबंधित अच्छी पुस्तकों का शानदार कलेक्शन होगा। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज मल्टी स्पोट्र्स कांप्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य से संबंधित अनेक निर्देश अधिकारियों को दिये। साथ ही पूरे परिसर का लेआउट भी देखा। कलेक्टर ने कहा कि खेल एवं युवा विकास के मुख्यमंत्री की मंशानुरूप जो भी बेहतर सुविधाएं इस कांप्लेक्स में हो सकती हैं उसे यहाँ उपलब्ध कराएं ताकि पाटन के युवाओं के लिए यह परिसर काफी उपयोगी हो सके। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। अधिकारियों ने यहाँ विस्तार से मल्टी स्पोट्र्स कांप्लेक्स में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर ने पाटन शहर में चल रहे सौंदर्यीकरण के अन्य निर्माण कार्यों के संबंध में भी समीक्षा की। स्पोट्र्स कांप्लेक्स के निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्री भूपेंद्र कश्यप एवं मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री आशीष वर्मा भी उपस्थित थे।
आडिटोरियम के निर्माण कार्य का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर ने शहर में प्रस्तावित आडिटोरियम के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सभी निर्माण कार्यो को तेजी से समाप्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस दौरान एसडीएम श्री विपुल गुप्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।