नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से कोहराम मचा हुआ है। रोजाना मिल रहे रिकार्ड मरीजों ने स्वास्थ्य मंत्रालय के होश उड़ा दिए हैं। तमाम दावे व तैयारियां फीकी पड़ गई हैं। एक ओर जहां संक्रमितों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है वहीं मौत के दैनिक मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच पिछले 24 घंटों में देश में मौतों के दैनिक आंकड़े रिकार्ड बढ़ोत्तरी दर्ज की है। इस बीच पहली बार देश में 4 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा यह जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पहली बार 24 घंटे में रिकॉर्ड 4,187 लोगों की कोरोना से मौत हो गई जोकि एक दिन में दर्ज की गई मौतों की अब तक की सबसे अधिक संख्या है। बीते 24 घंटे में देश में 4 लाख 1 हजार 228 नए संक्रमित मिले। वहीं दूसरी ओर 3 लाख 19 हजार 469 लोग ठीक हुए। देश में अब तक 1.79 करोड़ लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 37.23 लाख से ज्यादा बनी हुई है। देश में अब तक कुल 2,38,197 लोगों की मौत हो गई है। बीते 24 घंटों के दौरान पांच राज्यों में एक दिन में होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। इनमें कर्नाटक भी शामिल है जहां बीते 24 घंटे में 592 लोगों की जान चली गई जो कि एक दिन में सर्वाधिक है। अन्य राज्य जहां सबसे अधिक मौतें दर्ज की गईं उनमें महाराष्ट्र (898) उत्तर प्रदेश (372 मौतें), दिल्ली (341), तमिलनाडु (197), पंजाब (165), राजस्थान (164), हरियाणा (162) उत्तराखंड (137), झारखंड (136) और बंगाल (112) शामिल हैं।
महाराष्ट्र में 54022 नए मामले, 898 की मौत
देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 54,022 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इस अवधि में 37,386 कोरोना संक्रमित ठीक हुए और 898 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 49 लाख 96 हजार 758 हो गई है। इनमें से 42 लाख 65 हजार 326 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, छह लाख 54 हजार 788 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना के चलते कुल 74,413 लोगों की जान जा चुकी है।