नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस से हालात बेकाबू हो गए हैं। हर दिन सामने आ रहा संक्रमित मरीजों का आंकड़ा डरा रहा है। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों ने दुनिया के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भारत ने कोरोना के दैनिक मामलों में अमेरिका को भी पछाड़ दिया है। वल्र्डोमीटर की माने तो देश में बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 3.15 लाख से ज्यादा मामले सामने आए, जो दुनिया में अबतक का सर्वोच्च आंकड़ा है। इस बीच देश में 2,101 लोगों की मौत हुई। मौतों का आंकड़ा भी अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है। इस बीच 1.79 लाख मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। वहीं देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1.59 करोड़ तक पहुंच गया है। देश में अब तक 1.34 करोड़ से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं वहीं 1.84 लाख मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 22 लाख 84 हजार से ज्यादा है।
बता दें कि देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। देश में पहली बार कोरोना संक्रमण के इतने मामले सामने आए हैं, जिसने दुनिया का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसके पहले दुनिया में एक दिन में सबसे ज्यादा नए संक्रमित मामले आने का रिकॉर्ड अमेरिका के पास था लेकिन अब भारत ने उसमें अमेरिका को पछाड़ दिया है। अमेरिका में आठ जनवरी 2021 को 3.07 लाख मामले सामने आए थे। लेकिन भारत अब अमेरिका से आगे निकल गया है और यहां एक दिन में 3.15 लाख मामले सामने आए हैं। यही नहीं पिछले छह दिनों से देश में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 84.5 फीसदी हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1,34,47,040 हो गई है।
इन 12 राज्यों में सबसे ज्यादा मरीज बढ़े
महाराष्ट्र में 67,468, उत्तर प्रदेश में 33,106, दिल्ली में 24,638, कर्नाटक में 23,558, केरल में 22,414, राजस्थान में 14,622, छत्तीसगढ़ में 14,519, मध्य प्रदेश में 13,107, गुजरात में 12,553, बिहार में 12,222, तमिलनाडु में 11,681, पश्चिम बंगाल में 10,784 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए