भिलाई। बढ़ते कोरोना के प्रकोप को देखते हुए जिले में 14 अप्रेल तक लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन के बाद भी लापरवाह लोग बेवजह सड़कों पर निकलने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्ती की जा रही है। लॉकडाउन लगने के बाद से अब तक यातायात पुलिस ने 500 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं बिना मास्क के घूमने वाले 200 से अधिक लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई।
जिले के एसपी प्रशांत ठाकुर निर्देशानुसार व डीएसपी यातायात गुरजीत सिंहके नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा लॉक डाउन के नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोडकर सभी प्रकार के सेवाओं पर पूर्णत: पाबंदी लगाई गई है। परंतु कुछ ऐसे लोग भी है जो लॉकडाउन नियम का पालन नही कर रहे है यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आज दिनांक तक ऐसे 526 वाहन चालकों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एवं 210 बिना मास्क वालों के उपर महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई किया गया है।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में लॉक डाउन के दौरान शहर को 4 भागो में विभाजित कर 3 यातायात निरीक्षक को अपने अपने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था लॉक डाउन का पालन कराने के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस व्यवस्था में आम नागरिको से लॉक डाउन का पालन कराने के लिए 3 उप निरीक्षक, 16 सहायक उप निरीक्षक, 22 प्रधान आरक्षक, 145 आरक्षक, 8 चालक आरक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। इसके तहत 19 फिक्स वाहन चेकिंग प्वाइंट, 10 बाईक पेट्रोलिंग, 04 हाईवे पेट्रोलिंग यातायात व्यवस्था लॉक डाउन के दौरान लगाई गई है। यातायात पुलिस ने शहर के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि कोरोना महामारी को देखते हुए घर से बाहर न निकले। आवश्यक कार्य से बाहर निकल रहे हैं तो मास्क अवश्य लगाएं। सोसल डिस्टेसिंग व लॉकडाउन के नियमों का पालन करें। तब हम सब मिलकर इस महामारी को बढऩे से रोक सकते है।