पुडुचेरी (एजेंसी)। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आखिर वही हुआ जिसका अंदेशा था। पुड्डुचेरी में कांग्रेस और डीएमके के गठबंधन की सरकार गिर गई है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी सोमवार को सदन में बहुमत साबित नहीं कर पाए। इसके बाद मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने उप राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा दिया। इससे पहले उपराज्यपाल तमिलसाईं सुंदरराजन ने विधानसभा में आज शाम पांच बजे तक बहुमत साबित करने का निर्देश दिया था। सत्तारूढ़ गठबंधन की संख्या रविवार को दो नए इस्तीफे के बाद घटकर 11 हो गई थी। वहीं 33 सदस्यीय विधानसभा में विपक्ष के पास 14 विधायकों का समर्थन था। आज सदन में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को पार्टी के प्रति वफादार होना चाहिए। वहीं उन्होंने पूर्व राज्यपाल और केंद्र सरकार पर विपक्ष के साथ साठगांठ करने का आरोप लगाया।
पुडुचेरी में कांग्रेस की अगुआई वाली सरकार गिर गई। सोमवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी बहुमत साबित नहीं कर सके। विधानसभा के विशेष सत्र में चर्चा के दौरान उन्होंने केन्द्र सरकार व पूर्व उपराज्यपाल को निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री नारायणसामी ने सदन में कहा कि पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी और केंद्र सरकार ने विपक्ष के साथ साठगांठ की और सरकार को गिराने की कोशिश की। जैसे ही हमारे विधायक एकजुट हुए, हम लगभग पांच साल पूरे करने में सफल रहे। केंद्र ने हमारे द्वारा मांगी गई धनराशि न देकर पुडुचेरी के लोगों के साथ धोखा किया है। हमने द्रमुक और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई। इसके बाद, हमने विभिन्न चुनावों का सामना किया। हमने सभी उपचुनाव जीते हैं। यह स्पष्ट है कि पुडुुुचेरी के लोग हम पर भरोसा करते हैं।
चार विधायकों के इस्तीफे के बाद गहराया था सरकार पर संकट
बता दें कि हाल ही में कांग्रेस के चार विधायकों के इस्तीफे के बाद सरकार पर संकट के बादल गहरा गए थे। इसके बाद उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने सरकार को बहुमत साबित करने को कहा था। फ्लोर टेस्ट से एक दिन पहले ही रविवार को कांग्रेस और गठबंधन में शामिल डीएमके के एक-एक विधायक ने इस्तीफा दे दिया, इसके बाद नारायणसामी सरकार अल्पमत में आ गई। पहले कांग्रेस के विधायक ए. जॉन कुमार, ए. नमस्सिवम, मल्लादी कृष्णा राव, व ई थेपयन्थन ने इस्तीफा दिया। इसके बाद रविवार को कांग्रेस विधायक के. लक्ष्मीनारायणन और डीएमके के. वेंकटेशन ने इस्तीफा दे दिया। इनके अलावा कांग्रेस विधायक एन. धनवेलु को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था। नमस्सिवम और थेपयन्थन भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि बाकी नेता भी जल्द ही भाजपा में जा सकते हैं।
पुडुचेरी में गिरी कांग्रेस की सरकार…. मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने खोया विश्वासमत खोया…. चर्चा के दौरान साधा केन्द्र पर निशाना




