
भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली के महापौर आरक्षण के साथ ही क्षेत्र की राजनीति में नया उबाल आ गया है। जिस तरह से समीकरण बैठ रहे हैं उसके अनुसार गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की बड़ी बहु व प्रदेश कांग्रेस महासचिव जितेन्द्र साहू की पत्नी सरीता साहू महापौर पद की प्रबल दावेदार के रूप में उभरी हैं। जिस समय रायपुर में महापौर के लिए आरक्षण प्रक्रिया की जा रही थी उस समय गृहमंत्री की बड़ी बहु श्रीमती सरीता साहू रिसाली क्षेत्र में अपने पति जितेन्द्र साहू के साथ विकास कार्यों का भूमिपूजन कर रही थी। इसे इत्तेफाक ही कहेंगे कि एक ओर महापौर का आरक्षण ओबीसी महिला हुआ और दूसरी ओर इसकी प्रबल दावेदार विकास कार्यों का भूमिपूजन करने में व्यस्त थी।
बता दें कि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की बड़ी बहु शुरू ही से समाज सेवा में सक्रिय रही है। जब ताम्रध्वज चुनाव मैदान में थे उस समय महिलाओं की जिम्मेदारी सरीता साहू ने बखूबी संभाल रखी थी। महापौर आरक्षण के बाद से सरीता साहू के चुनाव लडऩे की अटकले तेज हो गई हैं। फिलहाल यह तय नहीं है कि वे किस वार्ड से चुनाव लड़ेंगी लेकिन तालपुरी, रुआबांधा व मरोदा वार्ड का जिक्र उनके नाम के साथ अभी से होने लगा है। एक ओर जहां कांग्रेस के पास महापौर के लिए एक बड़ा चेहरा है जो सरीता साहू के रूप में है। वहीं भाजपा के पास रिसाली क्षेत्र में ऐसा कोई चेहरा नहीं है जिसकी चर्चा की जा सके।
ओबीसी महिला आरक्षण को लेकर यह है पूरा गणित
रिसाली निगम के गठन से पहले प्रदेश में कुल 13 नगर निगम थे। आरक्षण नियम के अनुसार कुल निगमों में 25 फीसदी ओबीसी के लिए आरक्षित किया गया था। इनमें से फिलहाल तीन निगम कोरबा, राजनांदगाव व धमतरी में ओबीसी महापौर हैं। वर्तमान में रिसाली निगम के गठन के बाद प्रदेश में कुल 14 नगर निगम हो गए हैं। जिसका 25 फीसदी आरक्षण के अनुसार चार निगमों ओबीसी आरक्षण का गणित बन रहा है। अब जब आरक्षण हुआ तो आरक्षण के मुातबिक रिसाली निगम को ओबीसी किया गया। अब सवाल यह है महिला ही क्यों। इसके पीछे महिला आरक्षण कोटा है। प्रदेश में 33 फीसदी महिला आरक्षण है। 14 निगमों में 33 फीसदी आरक्षण के कारण महिला कोटा 5 महापौर का बैठ रहा है। वर्तमान में राजनांदगांव, रायगढ, जगदलपुर व चिरमिरी महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसलिए पांचवे निगम के रूप में रिसाली को महिला महापौर के लिए आरक्षित किया गया। इस प्रकार रिसाली नगर निगम में ओबीसी महिला का आरक्षण हुआ।
गृहमंत्री अहमदाबाद दौरे पर, वापसी पर बनेगी रणनीति
प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू फिलहाल गुजरात दौरे पर हैं। वे अहमदाबाद से वहां हो रहे स्थानीय निकाय चुनाव की बागडौर संभाले हुए हैं। माना जा रहा है कि गुजरात से लौटने के बाद आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। लेकिन जिस प्रकार से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है उससे यह तय माना जा रहा है कि रिसाली नगर निगम की पहली महापौर के रूप में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की बहु सरीता साहू का नाम सबसे ऊपर है।





