नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत रक्षा के क्षेत्र में अपना पक्ष मजबूत करने पर जोर दे रहा है। भारत और फ्रांस ने रक्षा के क्षेत्र में एक-दूसरे का सहयोग करने के लिए एक साथ कदम बढ़ाए हैं। फ्रांस ने राफेल लड़ाकू विमान और पैंथर हेलिकॉप्टर पर भारत को बड़ा ऑफर दिया है। अब फ्रांस के पैंथर यूटिलिटी हेलिकॉप्टर को 100 फीसदी भारत में ही असेंबल किया जाएगा। इसके अलावा राफेल फाइटर जेट की असेंबली लाइन 70 फीसदी तक भारत में ही शिफ्ट की जा सकती है। इससे भारत के मेक इन इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। मीडिया रिपोट्र्स की माने तो दोनों देशों में टेक्नोलॉजी ट्रांसफर करने पर बातचीत हुई है।
बता दें कि भारत और फ्रांस के बीच वार्षिक रणनीतिक संवाद को लेकर पिछले हफ्ते फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के राजनयिक सलाहकार एमैनुएल बॉन दिल्ली में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग करने पर बातचीत हुई थी। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस से और ज्यादा राफेल फाइटर जेट खरीदे जा सकते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि भारत में इन्हें असेंबल करने से कीमत काफी कम हो जाएगी।