श्रीकंचनपथ न्यूज डेस्क (एजेंसी)। भारत में कोरोना महामारी के बीच कई राज्यों में पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश के बाद हिमाचल प्रदेश और केरल में भी इसका कहर जारी है। इन राज्यों में अब तक सैकड़ों पक्षियों की मौत हो चुकी है। इसके बाद से यहां की राज्य सरकारों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एवियन इंफ्लूएंजा वायरस के बढ़ते प्रकोप देखते हुए केरल सरकार ने इसे आपदा घोषित कर दिया है। वहीं, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, कर्नाटक, झारखंड, बिहार, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर अलर्ट पर हैं।
केरल में अब तक 1700 बतखों की मौत हो चुकी है। राजस्थान के झालावाड़, कोटा समेत 16 जिलों में अब तक 625 पक्षी जान गंवा चुके हैं। मध्य प्रदेश के मंदसौर में करीब 100, इंदौर में 142, मालवा में 112 और खरगोन जिले में 13 कौवों की मौत हो गई। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पौंग झील अभयारण्य में अब तक 2739 प्रवासी और स्थानीय पक्षियों की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन ने मुर्गिंयों, बतखों और अंडों की बिक्री पर रोक लगा दी है। केरल के अलपुझा और कोट्टायम जिलों में बड़े पैमाने पर मंगलवार को संक्रमित पक्षियों को मारने का अभियान शुरू हो गया है। यहां पर करीब 50 हजार पक्षियों को मारा जाएगा। वहीं, हरियाणा के पंचकूला जिले में 15 दिनों में दो लाख मुर्गियों की मौत हो चुकी है। बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और कर्नाटक में भी सतर्कता बरती जा रही है। केरल के पशुपालन और डेयरी विकास मंत्री के राजू ने सोमवार को दो स्थानों पर बर्ड फ्लू की पुष्टि की थी। राजस्थान के झालावाड़ में तीन जनवरी से अब तक 138 पक्षियों की मौत हुई है।
मध्यप्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश में मरे हुए कौवों में घातक वायरस पाए जाने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में बर्ड फ्लू का अलर्ट जारी किया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, मंदसौर में मृत मिले कौवों के नूमनों से बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। मदसौर के पशुपालन विभाग के अनुसार स्टेट लैब में भेजे गए मृत कौवे के चार नमूनों में बर्ड फ्लू पाया गया है। यहां 23 दिसंबर और तीन जनवरी के बीच लगभग 100 कौवों की मौत हो गई थी।
बर्ड फ्लू: केरल में आपदा घोषित…. अब तक 1700 बत्तखों की मौत… यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्य अलर्ट पर




