रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम विभाग मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने आज आरंग विकास खंड के ग्राम कुरूद में नवनिर्मित पशु चिकित्सालय का लोकार्पण और सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री जी का आत्मीय स्वागत किया । डॉ डहरिया के स्वागत में शामिल राऊत नाचा के कलाकारों ने जब अपनी शानदार प्रस्तुति दी तो मंत्री भी उनके बीच थिरकने लगे। अपने क्षेत्र के विधायक को संगीत के धुन में थिरकते देख ग्रामीणों ने खूब तालियां बजाई और उनके सम्मान में जोरदार नारे लगाए। मंत्री डॉ डहरिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान खुशहाल होगा तो प्रदेश खुशहाल होगा। इसलिए छत्तीसगढ़ की सरकार हर समय किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें समृद्ध बनाने कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती।
कुरूद के कार्यक्रम में मंत्री डॉ डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास सभी धर्म और वर्ग के लोगों को साथ लेकर किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में विकास कार्यों की नई सौगात लिखी जा रही है। डॉ डहरिया ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए छत्तीसगढ़ की सरकार समर्पित है। सबसे अधिक समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की और राजीव गांधी न्याय योजना के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में लाकडाउन के बीच पैसे डाले। जिससे राज्य में मंदी का कोई असर दिखाई नहीं दिया। बिजली बिल हाफ किया गया है और सिंचाई कर के साथ किसानों का कर्ज माफ किया गया है। उन्होंने कहा कि पशुओं के सेवा के लिए छत्तीसगढ़ की सरकार समर्पित है। आज गांव में पशु चिकित्सालय का लोकार्पण और सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया गया है। इससे पशुओं का उपचार और बीमारी दूर होगी। उन्होंने बताया कि राज्य के गौ पालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए गोबर की भी खरीदी की जा रही है। खाद बनाने का कार्य भी चल रहा है। आने वाले दिनों में इससे गोठानों से जुड़ी स्व सहायता समूह की महिलाओं और अन्य लोगों को और फायदा होगा।