नई दिल्ली (एजेंसी)। भारत, श्रीलंका और मालदीव के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने सहयोग को और मजबूत बनाने तथा आम हितों के लिए शांति का माहौल सुनिश्चित करने पर शनिवार को सहमति व्यक्त की। उन्होंने एक उच्च स्तरीय त्रिपक्षीय वार्ता में क्षेत्र की वर्तमान समुद्री सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने श्रीलंका के रक्षा सचिव मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) कमल गुणारत्ने और मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया दीदी के साथ वार्ता में हिस्सा लिया। श्रीलंका, भारत और मालदीव के साथ समुद्री सुरक्षा सहयोग पर चौथी त्रिपक्षीय बैठक का आयोजन कर रहा है। छह साल बाद यह बैठक हो रही है। इससे पहले यह बैठक 2014 में नयी दिल्ली में हुई थी।
श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एक संयुक्त बयान के अनुसार समुद्री सुरक्षा से संबंधित आम मुद्दों पर हिंद महासागर क्षेत्र में सार्थक सहयोग को बढ़ावा देने के इच्छुक तीन देशों ने क्षेत्र में वर्तमान समुद्री सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
बयान में कहा गया है कि उन्होंने समुद्री क्षेत्र जागरूकता, मानवीय सहायता और आपदा राहत, संयुक्त अभ्यास, क्षमता निर्माण, समुद्री सुरक्षा और खतरे, समुद्री प्रदूषण आदि क्षेत्रों में आपसी सहयोग पर चर्चा की। संयुक्त बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चुनौतियों से निपटने में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
भारत, श्रीलंका और मालदीव समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर हुए सहमत




