सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने बॉलीवुड की कई शानदार फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। सुशांत सिंह राजपूत की शानदार फिल्मों में से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी भी थी। सुशांत सिंह राजपूत की इस फिल्म को रिलीज हुए आज चार साल हो चुके हैं।
फिल्म एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी 30 सितंबर 2016 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म सुशांत सिंह राजपूत के करियर की काफी अहम साबित हुई थी। इससे पहले मुख्य अभिनेता के तौर पर उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था, लेकिन सुशांत की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कामयाबी हासिल नहीं कर पाई थीं। इसलिए फिल्म एमएस धोनी- द अनटोल्ड ने सुशांत सिंह राजपूत के लिए बेहद अहम साबित हुई थी।
फिल्म एमएस धोनी- द अनटोल्ड में सुशांत सिंह राजपूत के साथ अनुपम खेर, कियारा आडवाणी, दिशा पाटनी, और भूमिका चावला सहित कई दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया था। इस फिल्म के लिए सुशांत सिंह राजपूत को शारीरिक तौर पर भी काफी मेहनत करनी पड़ी थी। इस दौरान वह अक्सर महेंद्र सिंह धोनी से मिलकर उनसे जोड़ी हर छोटी बातें पूछा करते थे। इस बात को सुशांत सिंह राजपूत ने अपने कई इंटरव्यू में बताया था।
फिल्म एमएस धोनी- द अनटोल्ड के लिए सुशांत सिंह राजपूत और महेंद्र सिंह धोनी ने साथ में प्रमोशन भी किया था। इस दौरान उन्होंने अपनी और धोनी की जिंदगी के बीच एक समानता की बात भी कही थी। अभिनेता ने कहा था कि, ‘मंजिल से अधिक यात्रा मायने रखती है। धोनी और मेरे ख्यालों में यही एक चीज सामान्य थी और मुझे यह तब महसूस हुआ, जब मैंने फिल्म की शूटिंग शुरू की।’ अपने भविष्य को लेकर चिंतित नहीं रहने वाले इस अभिनेता ने कहा था कि मेरा कोई लक्ष्य नहीं है। मैं खुद को गंभीरता से नहीं लेता।’
सुशांत सिंह राजपूत का शव 14 जून उनके घर में मिला था। उनकी मौत से जुड़े हर मामले की जांच सीबीआई, ईडी और एनसीबी कर रही है। सुशांत ने ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ के अलावा ‘काय पो छे!’, ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी’, ‘शुद्ध देसी रोमांस’, ‘राब्ता’, ‘छिछोरे’ सहित कई फिल्मों में काम किया था। उन्हें एकता कपूर के धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से पहचान मिली थी, इसके बाद उन्होंने बड़े पर्दे का रुख किया था।