रिसाली । पूर्ण लाॅकडाउन होने मुनादी कराने के बाद भी गुरूवार को मोहारी मरोदा में 25 बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने वाली महिला शिक्षक समेत किराना दुकान संचालक के खिलाफ रिसाली निगम के अधिकारियों ने कार्यवाही की। लाॅकडाउन की समीक्षा करने अपर कलेक्टर व निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सुबह से ही भ्रमण पर थे। अपर कलेक्टर के साथ नोडल अधिकारी रमाकांत साहू व तहसीलदार भी क्षेत्र का जायजा लिया।
बार-बार चेतावनी के बाद भी लाॅकडाउन नियमों को तोड़ने वालों से निगम के अधिकारियों ने कुल 4800 रूपए जुर्माना वसूल किया। राजस्व निरीक्षक अनिल मेश्राम, सहायक राजस्व निरीक्षक विनोद शुक्ला, रामेश्वर निषाद की संयुक्त टीम ने स्टेशन मरोदा में जन्नत किराना स्टोर्स को सील कर पटेल किराना दुकान का तराजू-बाट को जप्त किया। इसी तरह नेवई भाठा के बलराम किराना स्टोर्स के संचालक गंभीर साहू से 3000 जुर्माना वसूला। मोहारी मरोदा में ट्यूशन क्लास लेने वाली साफिया बानो से 1600 अर्थदण्ड लेकर कड़ी चेतावनी दी गई। वह 25 बच्चों को एकत्र कर अपने निवास स्थान में ट्यूशन दे रही थी। इसके अलावा बिना मास्क घर से निकलने पर 2 लोगों से 200 रू. चालान काटा।
पूर्ण लाॅकडाउन में सुबह व शाम की सैर को प्रतिबंधित किया गया है। इसके बाद भी लोग घरों से सुबह की सैर के लिए निकले थे। प्रभारी उप अभियंता गोपाल सिन्हा व स्वास्थ्य निरीक्षक बृजेन्द्र परिहार की टीम दशहरा मैदान रिसाली पहुंचकर योगा कर रहे दर्जन भर लोगों को चेतावनी देते घर भेजा। वहीं कृष्णा टाकिज रोड स्थित सिंह चश्मा दुकान को बंद कराया। उल्लेखनीय है कि पूर्ण लाॅकडाउन में केवल दवा दुकान को निर्धारित समय तक संचालित करने की अनुमति दी गई है।
पूर्ण लाॅकडाउन की समीक्षा करने एडीएम व निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे तहसीलदार के साथ रिसाली क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान आयुक्त बाजार व रिहायशी इलाके तक पहुंचे। निरिक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता आर. के. साहू, राजस्व विभाग प्रभारी हरचरण सिंह अरोरा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी जगरनाथ कुशवाहा, उपअभियंता अखिलेश गुप्ता से चर्चा की।
लाॅकडाउन निरीक्षण के बाद अपर कलेक्टर व नोडल अधिकारी नेवई में निर्माणधीन गौठान का निरीक्षण किए। इस दौरान अधिकारियों ने मवेशियों को रखने बनाए स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही वर्मी खाद बनाने के लिए तैयार टेंक का अवलोकन कर दिशा-निर्देश दिए।