रायपुर। कोरोना संक्रमण काल में शासन प्रशासन लोगो को सुरक्षित रहने व बाहर निकलले समय मास्क अनिवार्य रूप से लगाने की अपील कर रहा है। इसके बाद भी कुछ बदमाश किस्म में युवा नियमों का ताक पर रख सड़क पर घूमने निकल पड़ते हैं। बीती शाम को रायपुर के राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में बिना मास्क लगाए घूम रहे कार सवारों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जवानों का टक्कर मार दी और भागने लगे। पास खड़े दूसरे पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार सवार दो बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ा।
मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण की ड्यूटी पर महासमुंद से एएसआई जगतपाल ठाकुर रायपुर में सिपाही तरुण देशलहरे और नगर निगम की महिला कर्मचारियों के साथ सोमवार शाम अमलीडीह चौक पर कार्रवाई कर रहे थे। उन्होंने सामने आ रही सफेद रंग की एक कार को रुकने का इशारा किया। कार सवारों ने मास्क नहीं लगा रखा था। कार सवार बदमाशों ने पहले कार को धीरे किया और उसके बाद तेज कर एएसआई व सिपाही को ठोकर मारते हुए भागने लगे। इसके बाद पास खड़े अन्य पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कार को रुकवा लिया। पुलिस ने कार जब्त कर सवाल लक्ष्मण साहू और यशवंत साहू को गिरफ्तार कर लिया है। इधर दोनों घायलन पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




