विजयवाड़ा (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में कोविड सेंटर के रूप में प्रयोग किए जा रहे एक होटल में भीषण आग लग गई है। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई है और 30 लोगों को सेंटर से बाहर निकाला गया है। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। यह घटना रविवार सुबह पांच बज की बताई जा रही है। इस अस्पताल में 22 मरीजों का इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि पूरी इमारत को खाली करवाया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटा हुआ है। साथ ही राहत बचाव का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को दुर्घटना की जांच करने का आदेश दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर में बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले को देखते हुए विजयवाड़ा स्थित स्वर्णा पैलेस होटल को कोविड-19 सेंटर के रूप में तब्दील किया गया था। इस होटल में 22 मरीजों का इलाज चल रहा था। वहीं, कर्मचारियों को मिलाकर 50 के करीब लोग यहां रह रहे थे। आग लगने से कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल इस घटना में सात लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है और माना जा रहा है मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल मृतकों के शवों को होटल से बाहर निकाल लिया गया है। दमकल विभाग सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया और आग बुझाने में जुटा हुआ है। बताया गया है कि कई लोगों के होटल में फंसे होने की आशंका है। फिलहाल लोगों को बचाने के लिए राहत बचाव कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री जगन मोहन ने दिए जांच के आदेश
विजयवाड़ा में आग लगने की घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने दुख और शोक व्यक्त किया है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव के उपाय करने और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इसकी जानकारी दी गई है। सीएम कार्यालय ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड सेंटर में आग लगने पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में कोविड सेंटर में आग लगने पर दुख जताया। पीएम मोदी ने कहा कि ‘विजयवाड़ा के कोविड सेंटर में आग लगने से दुख हुआ। मेरे विचार उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री से मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।




