भिलाई। लॉकडाउन खत्म होने के बाद शुक्रवार से जिले के सभी बाजारों में दुकानें खुलने पर सहमति बन गई है। व्यापारियों व जिला प्रशासन के बीच सुबह 11 से शाम 7 बजे तक दुकानें खुली रखने पर सहमति बनी है। इसमें बाजार की सभी दुकानें जैसे रेडिमेड, शू शोरूम, कपड़ा, बर्तन, ज्वेलरी, इलेक्ट्राकनिक्स, हार्डवेयर, किराना, प्रोविजन, जनरल, सहित अन्य दुकानें शामिल रहेंगी। वहीं सब्जी, चिकन, मटन, सहित दूध आदि के स्टोर्स सुबह 5 से दोपहर 12 बजे तक खोली जाएंगी।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के मुताबिक रेस्टारेंट व होटल में डायनिंग के लिए सुबह 10 बजे से रात 8 बजे का समय निर्धारित किया गया है। वहीं रेस्टारेंट व होटल से होम डिलवरी के लिए रात 8 से 10 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार ठेले पर बेचने वाले खाद्य सामग्री के लिए सुबह 6 से 9 बजे तथा शाम 5 से 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने आदेश में स्पष्ट किया है कि रोजना 8 घंटे दुकानें खुलेंगी। सप्ताह में एक दिन रविवार को समस्त दुकाने बंद रखी जाएंगी। रविवार को केवल डेयरी व्यवसाय सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक खोली जाएंगी।