भिलाई। अयोध्या में भगवान राम का मंदिर निर्माण आज से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भूमिपूजन व शिलान्यास किया और देशभर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इसी कड़ी में इस्पात नगरी में भी इस अवसर पर उत्साह का माहौल रहा। शहर में बुधवार को लोगों ने दिवाली मनाई। इस मौके पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा शहर में अलग अलग तरीके से मंदिर निर्माण की खुशी जाहिर की।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने इस मौके पर भव्य आरती का आयोजन किया। सेक्टर-10 सड़क 10 और 11 के बीच स्थित दुर्गा पंडाल के पास भगवान राम की रंगोली बनाई गई। इसके चारों ओर दियो से सजाया गया। इसके बाद मनीष पाण्डेय ने अपने अन्य साथियों के साथ आरती की। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण के भूमिपूजन के लिए पूरे देशवासियों को बधाई दी।
कोसानगर स्थित कुसुम कानन शिवमंदिर के पास श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। भगवान राम के भक्तिगीतों के साथ लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कार्यक्रम किया। इस मौके पर विशेष रूप से सांसद विजय बघेल मौजूद रहे और उन्होंने राम भजन भी गाए। यहां भगवान राम की विशाल रंगोली बनाकर महिलाओं ने दिए जलाए। सभी के चेहरों पर राम मंदिर निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की खुशी थी। यही नहीं शाम होते ही शहर पटाखों के शोर से गूंज उठा।