औद्योगिक क्षेत्र में गंदगी करने वाले तीन लोगों के खिलाफ निगम ने की कार्रवाई
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के जोन क्रमांक-2 वैशाली नगर की आयुक्त पूजा पिल्ले के निर्देश पर टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण और निकासी व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। वार्ड-27 घासीदास नगर क्ष़ेत्र के खटाल संचालक, संजय बॉटल और श्री शिवम मोटर्स संचालक सहित तीन लोगों से 25 हजार रूपए जुर्माना वसूल किया गया।
वार्ड-27 घासीदास नगर निवासी आशा यादव खटाल की गंदगी को नाली में बहा देती थी। यह गंदगी नाली माध्यम से सीधे तालाब में मिल रही है। इसकी वजह से तालाब का पानी प्रदूषित हो रही है। वार्डवासियों ने इसकी निगम प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर आशा यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई। उनसे 5 हजार रूपए अर्थदंड वसूल किया गया। वहीं जोन-2 की आयुक्त पूजा पिल्ले ने खटाल संचालक को तीन दिन के अंदर खटाल की निकासी व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि के अंदर व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसके अलावा टीम ने शिवम मोटर्स संचालक के खिलाफ 10 हजार जुर्माना लगाया। लॉक डाउन के बाद सड़क किनारे और मैदान में रखी गई कंडम गाडिय़ों को हटा लेने की चेतावनी दी गई। मोटर्स संचालक ने गाडिय़ों को रोड के किनारे और खाली जगह पर खड़ी कर दिया था। इसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। साथ ही रोड के किनारे का हिस्सा कई जगहों पर धंस गई है। कुछ स्थानों पर गढ्डे हो गए हैं। गाडिय़ों की बाडी में जमा बारिश का पानी को खाली कराया गया। वहीं संजय के खिलाफ 10 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। संजय ने कांच की खाली बोतलों को खुले में डंप कर रखा है। इससे नाली जाम हो गई थी। कार्रवाई के दौरान टीम में सहायक राजस्व अधिकारी संजय वर्मा, जोन के स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा, प्रकाश अग्रवाल और अंजनी सिंह शामिल थे।