नईदिल्ली (एजेंसी)। भारत में कोरोना संक्रमण रोज ही नया रिकार्ड कायम कर रहा है। पिछले 24 घंटे के आंकड़े देश को डराने वाले हैं। इस दौरान देशभर में 40 हजार से अधिक कोरोना संक्रमित नए मामले दर्ज किए गए हैं। अलग अलग राज्यों के इन आंकड़ों ने स्वास्थ्य मंत्रालय की नींद उड़ा दी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक देशभर में अब तक कोरोना के लिए 1,40,47,908 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से 2,56,039 नमूनों का पिछले 24 घंटों के भीतर किया गया। देश में कोरोना के बढ़ते आंकड़ों के पीछे जांच की संख्या में बढ़ोत्तरी को भी माना जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 40,425 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 11,18,043 हो गई है। अब तक 27,497 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से रविवार को 681 लोगों की मौत हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में 22664 मरीजों को देशभर के कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ ही स्वस्थ्य होने वाले लोगों की 7,00,087 है। इन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। फिलहाल देशभर में सक्रिय मामलों की संख्या 3,90,459 है।
