प्रदेश की खुशहाली की कामना कर लोगों की दी सावन मास की बधाई
भिलाई। सावन के पावन माह में भगवान शिव की आराधना का अलग ही महत्व है। सावन के पूरे माह में भगवान शिव के मंदिरों में आराधना की जाती है। इसी कड़ी में शनिवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने पावर हाउस स्थित माता राज राजेश्वरी मंदिर पहुंचकर भगवान शिवजी की पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने शिवलिंग का 51 लीटर दूध सहित पंच द्रव्य, नवधान्य से अभिषेक किया। यह संपूर्ण आयोजन बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह द्वारा किया गया।
माता राजराजेश्वरी मंदिर आज भगवान भोलेनाथ के जयघोष से गूंजा। बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा आज भगवान शिव के अभिषेक का विशेष कार्यक्रम रखा गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक उपस्थित हुए। मंदिर पहुंचने के बाद विधिविधान से पूजा अर्चना हुई। इस मौके पर धरम लाल कौशिक व बोलबम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने भगवान भोलेनाथ का भव्य अभिषेक किया। 51 लीटर दूध, दही, शहद, घी, जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। इस दौरान चंदन व हल्दी का लेप लगाकर नवधान्य अर्पित किए गए। अभिषेक के पश्चात शिवलिंग को नवीन वस्त्रों से सजाया गया।
महाआरती में झूमे भक्त
अभिषेक के बाद भगवान भोलेनाथ की आरती की गई। भव्य आरती में भगवान शिव के भक्ति गीतों के साथ पुजारियों ने भव्य आरती की। भक्ति गीतों में भक्त झूमते रहे। लगभग दो घंटे से भी अधित समय तक हुई पूजा के बाद एक एक कर भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। शिव पूजा के बाद नेता प्रतिपक्ष ने माता राज राजेश्वरी की पूजा आरती की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक व बोलबम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने प्रदेश वासियों के खुशहाली की कामना की। इस मौके पर बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।
सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित
पूजा कार्यक्रम के बाद नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने दया सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे सच्चे शिवभक्त हैं जो हमेशा भक्ति आराधना में लगे रहते हैं। सावन का महीना भगवान शिव का समर्पित होता है इसलिए इस माह का विशेष महत्व है। धरमलाल कौशिक ने कहा कि दया सिंह के निमंत्रण पर आज भगवान शिव के अभिषेक का मौका मिला। शिव के दरबार में पहुंचकर अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि भगवान शिव पूरे प्रदेश को खुशहाली दे और सभी नागरिकों को कोविड -19 की महामारी से बचाकर रखे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुआ कहा कि कोरोना संक्रमण दौर में लोग सुरक्षित रहें ओर सुरक्षा नियमों का पालन करें।