नई दिल्ली (एजेंसी)। वैश्विक महामारी से सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में भारत ने रूस को पीछे छोड़ तीसरे स्थान पर पहुंच गया। इस सूची में अमेरिका पहले और ब्राजील दूसरे स्थान पर है। मंत्रालय द्वारा सोमवार सुबह अद्यतन आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 के एक दिन में 24,248 नए मामले सामने आने के बाद भारत में संक्रमण के मामले बढ़कर 6,97,413 हो गए। वहीं 425 और संक्रमित लोगों की मौत के बाद देश में मरने वालों की संख्या 19,693 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार आज लगातार चौथा दिन है जब देश में कोरोना संक्रमण के 20,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
कोरोना वायरस से पीडि़तों की संख्या रुकने का नाम नहीं ले रही है। अनलॉक 2 में कई पाबंदियों में छूट के बाद नए केस लगातार बढ़ रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक कोविड-19 के 4,24,432 मरीज ठीक हो चुके हैं और एक मरीज देश ये बाहर चला गया है। वहीं देश में 2,53,287 लोगों का इलाज जारी है। मंत्रालय ने कहा कि अभी मरीजों के ठीक होने की दर 60.85 प्रतिशत है। कुल पुष्ट मामलों में भारत में संक्रमित पाए गए विदेशी नागरिक भी शामिल है। आईसीएमआर के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे तक देश में एक करोड़ से ज्यादा टेस्ट किए जा चुके हैं। इससे पहले कल रविवार तक देश में पांच जुलाई तक 99 लाख 69 हजार 662 सैंपल की जांच की जा चुकी थी। इनमें से रविवार को 1,80,596 टेस्ट किए गए।




