रायपुर। लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच प्रदेश में इस जानलेवा बीमारी से 14 वीं मौत हो गई है। मंगलवार की देररात यहां पूर्व पीसीसीएफ और रिटायर्ड आईएफएस अफसर की मौत हो गई। उन्हें तबीयत बिगडऩे पर दो दिन पहले रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उनके सैंपल लिए गए थे। एम्स प्रबंधन ने उनकी मौत की पुष्टि की है। इधर प्रदेश भर में पिछले 24 घंटों में कुल 63 मारीजों की पहचान हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड आईएफएस अफसर केसी यादव को डायबिटीज की शिकायत थी। दो दिन पहले उनका डायबिटीज बहुत ज्यादा बढ़ गया। कोरोना सस्पेक्ट मानते हुए एम्स ने उनके सैंपल की जांच कराई। इसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अनियंत्रित डायबिटीज और कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई। इसके बाद मंगलवार रात करीब 11.30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

राजधानी रायपुर में फटा कोरोना बम, एक दिन में 49 केस
इधर पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ से कुल 63 नए मामले सामने आए। इसमें से सर्वाधिक 49 मामले राजधानी रायपुर से हैं। इनमें सबसे ज्यादा किर्गिस्तान से लौटे 29 मेडिकल छात्र हैं। एम्स में एक न्यूरोसर्जन समेत 8 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें एक डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल अटेंडेंट, कर्मचारी व सरकारी कांट्रेक्टर हैं। पीडि़तों में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर भी है, जो हाल ही में तेलंगाना से लौटा हैं। इसके अलावा सूरजपुर व बलरामपुर से 3-3, कोराबा व कांकेर से 2-2, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा व बलौदाबाजार में एक-एक मरीज मिले हैं। प्रदेश में अब तक मरीजों की संख्या 2858 हो चुकी है। वहीं पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अलग अलग कोविड अस्पतालों से 100 मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक 2250 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं 595 एक्टिव केस हैं।
