दंतेवाड़ा। शनिवार की सुबह सीआईएसएफ जवानों और नक्सलियों में झड़प हो गई। झड़प के दौरान नक्सलियों ने जवानों की पिटाई कर दी और पत्थर से एक एएसआई का सिर फोड़ दिया। यही नहीं नक्सलियों ने जवानों के वॉकी-टॉकी भी लूटकर ले गए हैं। एसपी अभिषेक पल्लव घटना की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह सीआईएसएफ के जवान अलग-अलग टुकडिय़ों में गश्त पर निकले थे। एक टुकड़ी में एएसआई अनिल चौहान और कांस्टेबल विजय कुमार शामिल थे। वे कैंप से करीब 2-3 किमी दूर पहुंचे ही थे कि तभी तीर-धनुष लिए 12 से 15 नक्सलियों ने निहत्थे जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान एक नक्सली ने पत्थर उठाकर एएसआई चौहान के सिर पर मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया। इसके बाद नक्सली वॉकी-टॉकी छीनकर भाग निकले। घायल एएसआई को बचेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।